Report by : CWN Desk
Published at :
देहरादून में छांगुर बाबा के रैकेट का खुलासा: युवती से धर्मांतरण की कोशिश, पांच पर मुकदमा

देहरादून। यूपी के चर्चित धर्मांतरण रैकेट का जाल अब उत्तराखंड तक फैलता दिख रहा है। छांगुर बाबा उर्फ जलालुद्दीन के नेटवर्क से जुड़े लोगों ने देहरादून की एक 21 वर्षीय युवती को धर्मांतरण के लिए प्रभावित करने की कोशिश की। मामले का खुलासा होने पर युवती के पिता की तहरीर पर रानीपोखरी थाना पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ उत्तराखंड धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

इस मामले में मुख्य आरोपी अब्दुर रहमान उर्फ रुपेंद्र यादव को यूपी एटीएस ने गुरुवार को सहसपुर के शंकरपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया था। मूल रूप से मैनपुरी, यूपी निवासी अब्दुर रहमान पिछले 12 सालों से देहरादून में रहकर एक फैक्ट्री में काम कर रहा था। एटीएस की पूछताछ में सामने आया कि वह छांगुर बाबा के संपर्क में था और सोशल मीडिया के जरिए रानीपोखरी की युवती से जुड़ा था।

एसएसपी अजय सिंह और एसटीएफ प्रमुख नवनीत सिंह भुल्लर ने शुक्रवार को संयुक्त प्रेसवार्ता में बताया कि पांच सोशल मीडिया अकाउंट से युवती को लगातार मानसिक रूप से प्रभावित किया जा रहा था। गुरुवार को यूपी एटीएस की पूछताछ में युवती ने इसका खुलासा किया।

देहरादून पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने तत्परता दिखाते हुए इन पांचों अकाउंट की जानकारी जुटाकर मुकदमा दर्ज किया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि सहसपुर क्षेत्र में कई बाहरी युवक-युवतियां काम के सिलसिले में आते-जाते रहते हैं। आरोपी अब्दुर के संपर्क में कौन-कौन था, इसकी गहन जांच जारी है।

सुरक्षा एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इन सोशल मीडिया अकाउंट्स के जरिए उत्तराखंड के और कितने लोगों को निशाना बनाया गया। चैट हिस्ट्री खंगालकर रैकेट के पूरे नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। मामला संवेदनशील मानते हुए जांच का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›