Report by : CWN Desk
Published at :
टनकपुर से कैलास मानसरोवर यात्रा रवाना, चम्पावत बनेगा आध्यात्मिक जोन का केंद्र: मुख्यमंत्री धामी

टनकपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को टनकपुर से कैलास मानसरोवर यात्रा के पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इससे पूर्व उन्होंने पर्यटक आवास गृह में यात्रियों से संवाद किया और यात्रा के महत्व को रेखांकित किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि कुमाऊं मंडल को एक आध्यात्मिक जोन के रूप में विकसित किया जाएगा, जिसका केंद्र चम्पावत होगा। इसके लिए डीएम मनीष कुमार को सीम और चूका क्षेत्र में 40-50 हेक्टेयर भूमि चिह्नित करने के निर्देश दिए गए हैं।

धामी ने कहा कि इससे न केवल विदेशी पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी, बल्कि स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे। उन्होंने प्रदेश के सतत विकास की चर्चा करते हुए कहा कि उत्तराखंड अब देश में अग्रणी राज्य बनकर उभर रहा है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि जल्द ही टनकपुर और नानकसागर से हेली सेवा शुरू की जाएगी, जिससे खटीमा, नानकमत्ता, सितारगंज आदि क्षेत्रों को हवाई सुविधा मिलेगी। वर्तमान में राज्य के 13 स्थानों से हेली सेवा संचालित हो रही है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›