देहरादून
‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ पर हर्रावाला से विशेष ट्रेन रवाना, सीएम धामी ने दिखाई हरी झंडी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के हर्रावाला से वेरावल (सोमनाथ) के लिए 700 श्रद्धालुओं की विशेष रेल यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पढ़ें पूरी खबर।
देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को देहरादून के हर्रावाला रेलवे स्टेशन से ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के उपलक्ष्य में वेरावल (सोमनाथ) के लिए एक विशेष तीर्थ यात्रा ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस छह दिवसीय विशेष रेल यात्रा में प्रदेश के विभिन्न वर्गों से लगभग 700 श्रद्धालु सहभागिता कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने सभी तीर्थयात्रियों को अपनी शुभकामनाएं देते हुए इस यात्रा को राष्ट्रीय स्वाभिमान, सांस्कृतिक चेतना और सनातन परंपराओं से जुड़ने का एक सशक्त माध्यम बताया।
संस्कृति विभाग की इस विशेष पहल की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस यात्रा में स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं, विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थी और संत समाज के प्रतिनिधि शामिल हैं। उन्होंने भगवान सोमनाथ और बाबा केदार से सभी यात्रियों की सुरक्षित व मंगलमय यात्रा की कामना की। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि द्वादश ज्योतिर्लिंगों में से एक सोमनाथ मंदिर भारत की अटूट आस्था और पुनरुत्थान का प्रतीक है, जो हर संकट के बाद अधिक संकल्प के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रेखांकित किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में एक अभूतपूर्व सांस्कृतिक पुनर्जागरण का दौर चल रहा है। अयोध्या, काशी, केदारनाथ, महाकाल और बद्रीनाथ धाम जैसे पौराणिक स्थलों का जीर्णोद्धार नए भारत की सांस्कृतिक चेतना को प्रदर्शित करता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री से प्रेरणा लेकर उत्तराखंड सरकार भी देवभूमि को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी के रूप में स्थापित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है, जिसमें केदारखंड-मानसखंड कॉरिडोर और हरिद्वार-ऋषिकेश कॉरिडोर जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की प्राथमिकताओं को साझा करते हुए कहा कि देवभूमि के मूल स्वरूप की रक्षा के लिए प्रदेश में कड़े कदम उठाए गए हैं। राज्य में धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगारोधी कानून और समान नागरिक संहिता (UCC) को प्रभावी ढंग से लागू किया गया है। इसके साथ ही उन्होंने सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के अभियान और शिक्षा व्यवस्था में किए गए सुधारात्मक कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि वे यात्रा के दौरान उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति, उच्च संस्कारों और ‘अतिथि देवो भवः’ की भावना के सच्चे प्रतिनिधि बनें।
इस गरिमामयी शुभारंभ अवसर पर क्षेत्रीय विधायक बृज भूषण गैरोला, देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल सहित कई अन्य जनप्रतिनिधि, रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। पूरे स्टेशन परिसर में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बनता था और हर तरफ ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष गूंज रहे थे।
