हल्द्वानी
राजपुरा में अवैध नशे और जुए के खिलाफ उबाल: कांग्रेस ने किया पुलिस भवन का घेराव
राजपुरा क्षेत्र में बढ़ते नशे, सट्टे और जुए के खिलाफ कांग्रेसी कार्यकर्ताओं और पार्षदों ने पुलिस बहुउद्देशीय भवन घेरा। कोतवाल को सौंपा ज्ञापन, दी चेतावनी।
हल्द्वानी (नैनीताल)। राजपुरा क्षेत्र में लगातार बढ़ते अवैध नशे के कारोबार, सट्टे और जुए के खिलाफ स्थानीय जनप्रतिनिधियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। क्षेत्र में अशांति और युवाओं के भविष्य से हो रहे खिलवाड़ से आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने शनिवार को पुलिस बहुउद्देशीय भवन का जोरदार घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के ढुलमुल रवैये के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कोतवाली प्रभारी (कोतवाल) का घेराव कर तीखा आक्रोश जताया।
घेराव कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों और कांग्रेस नेताओं ने पुलिस महकमे पर बेहद गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि राजपुरा क्षेत्र में खुलेआम स्मैक, चरस और अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री के साथ-साथ बड़े पैमाने पर सट्टा और जुआ संचालित हो रहा है। इसके कारण क्षेत्र की युवा पीढ़ी पूरी तरह बर्बादी के कगार पर पहुंच गई है और शांत इलाके का माहौल पूरी तरह खराब हो चुका है।
स्थानीय निवासियों और पार्षदों ने आरोप लगाया कि कई बार लिखित और मौखिक शिकायतें देने के बावजूद स्थानीय पुलिस चौकी द्वारा कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। इससे अवैध धंधे में लिप्त अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। प्रदर्शनकारियों ने यहाँ तक आरोप लगाया कि इन अवैध नशे के सौदागरों को स्थानीय पुलिस का कथित संरक्षण प्राप्त है। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए आक्रोशित जनता ने चौकी के वर्तमान पुलिस स्टाफ को तत्काल प्रभाव से हटाने की मांग भी उठाई।
मौके पर मौजूद महिला पार्षद प्रीति आर्या और पार्षद धर्मवीर शासक ने संयुक्त रूप से कहा कि नशे के इस मकड़जाल से सैकड़ों युवाओं का जीवन रोज बर्बाद हो रहा है। यदि पुलिस प्रशासन ने तीन दिनों के भीतर इन अवैध गतिविधियों पर पूर्ण विराम नहीं लगाया और सख्त कार्रवाई नहीं की, तो स्थानीय जनता को साथ लेकर एक बड़े जन आंदोलन को शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी।
कांग्रेस के जिला महामंत्री मलय बिष्ट ने पुलिस के आला अधिकारियों से मांग की कि राजपुरा में त्वरित और लगातार विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाए। उन्होंने नशा तस्करों और सट्टा संचालकों पर कठोर कानूनी धाराएं लगाने की बात कही। कोतवाल को ज्ञापन सौंपते हुए नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि तीन दिनों के भीतर अपराधियों पर नकेल नहीं कसी गई तो इस आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा।
इस बड़े प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष हेमन्त साहू, वरिष्ठ नेता त्रिलोक बनौली, युवा जिला अध्यक्ष सुमित कुमार, पूर्व सहायक नगर आयुक्त विजेन्द्र चौहान, अमित रावत, पंकज कश्यप, जीत सिंह, राजों टंडन, प्रकाश आर्या, संजय शेखर, नवीन चौहान, सूरज प्रकाश, मोहम्मद दिलशाद, यूनुस अली, सौरभ कुमार, सुजल, सचिन, अतर सिंह, विक्की कश्यप, तलत एतेशाम और दिनेश चौहान समेत तमाम स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
