Report by : CWN Desk
Published at :
धर्मांतरण गैंग का खुलासा: लालच देकर कराया धर्म परिवर्तन, सोशल मीडिया के जरिए रची गई साजिश

देहरादून। छांगुर बाबा के गैंग द्वारा युवतियों को सोशल मीडिया के जरिए फंसा कर धर्मांतरण कराने का बड़ा मामला सामने आया है। मंगलवार को प्रेमनगर थाने में दर्ज केस से जुड़ी एक पीड़िता ने कोर्ट में मजिस्ट्रेट के समक्ष अपना बयान दर्ज कराते हुए कई चौंकाने वाले खुलासे किए। पीड़िता ने बताया कि गैंग ने उसे पैसों का लालच देकर न सिर्फ धर्मांतरण कराया, बल्कि शादी के लिए ऐसे युवकों से जोड़ने की कोशिश की जिनकी तीसरी या चौथी शादी होनी थी। धर्मांतरण के बाद उसका नाम बदलकर सुमैया रख दिया गया।

पीड़िता ने कोर्ट में बताया कि वह वर्ष 2022 में बरेली से देहरादून पढ़ाई के लिए आई थी। इसी दौरान इंस्टाग्राम पर उसकी पहचान आयशा उर्फ कृष्णा नामक युवती से हुई, जिसने उसे धार्मिक साहित्य देना शुरू किया। इसके बाद कश्मीर की एक अन्य युवती से संपर्क कराया गया, जिसने उसे एक एप के माध्यम से धार्मिक ज्ञान देना शुरू किया।

एसएसपी अजय सिंह के अनुसार, युवती रमजान के दौरान कश्मीर भी गई थी, जहां कुछ स्थानीय युवकों से संपर्क में आई। इसके बाद उसे इंस्टाग्राम के माध्यम से एक धार्मिक ग्रुप में शामिल कर दिया गया, जहां से उसका संपर्क पाकिस्तान, इजिप्ट, यूके, और दुबई में रहने वाले लोगों से हुआ। इन्हीं के माध्यम से वर्ष 2022 में उसका धर्मांतरण कराया गया।

धर्म परिवर्तन के बाद युवती का संपर्क पाकिस्तान के मौलवी तनवीर अहमद से हुआ, जिसने वीडियो कॉल के जरिए उसे धार्मिक शिक्षा देना शुरू कर दिया। इसके अलावा दुबई के तहसीन से भी उसका संपर्क हुआ, जो देहरादून के सुलेमान नामक व्यक्ति का दोस्त बताया गया है।

पुलिस के अनुसार, देहरादून में अब तक इस गिरोह के झांसे में आई दो युवतियों की पहचान हो चुकी है। एक केस प्रेमनगर थाने में दर्ज है और दूसरा रानीपोखरी थाने में। इन मामलों में अब संगठित अपराध की धाराएं भी जोड़ी गई हैं।

पुलिस गैंग के सोशल मीडिया नेटवर्क, वित्तीय लेन-देन और अंतरराष्ट्रीय संपर्कों की भी गंभीरता से जांच कर रही है। मामले के खुलासे के बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने सतर्कता बढ़ा दी है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›