Report by : CWN Desk
Published at :
हल्द्वानी में कोरोना की दस्तक, सुशीला तिवारी अस्पताल में वृद्ध महिला संक्रमित

हल्द्वानी के एसटीएच अस्पताल में रामपुर की 76 वर्षीय महिला कोरोना संक्रमित मिली। स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, आइसोलेशन वार्ड में चल रहा इलाज।

हल्द्वानी। कुमाऊं के प्रवेश द्वार हल्द्वानी में एक बार फिर कोरोना वायरस की दस्तक से स्वास्थ्य विभाग की सतर्कता बढ़ गई है। शहर के प्रसिद्ध डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय (एसटीएच) में भर्ती रामपुर जिले की एक 76 वर्षीय महिला में SARS-CoV-2 (कोरोना) संक्रमण की पुष्टि हुई है। इस मामले के सामने आते ही अस्पताल प्रशासन और जिला स्वास्थ्य विभाग तुरंत अलर्ट मोड पर आ गए हैं।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अरुणा जोशी ने जानकारी देते हुए बताया कि रामपुर जिले के कैमरी (बिलासपुर) निवासी वृद्ध महिला के थ्रोट स्वैब (गले के सैंपल) की जांच रिपोर्ट में कोरोना संक्रमण पाया गया है। हालांकि राहत की बात यह है कि मरीज की हालत फिलहाल सामान्य है और उसे ऑक्सीजन सपोर्ट की आवश्यकता नहीं पड़ी है।
संक्रमित महिला को अस्पताल के वार्ड-सी में बने पृथक क्यूबिकल में आइसोलेट किया गया है, जहाँ डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। एहतियात के तौर पर मामले की पूरी रिपोर्ट मुख्य चिकित्साधिकारी नैनीताल, सीएमओ रामपुर, राजकीय मेडिकल कॉलेज और कंट्रोल रूम को भेज दी गई है। इसके साथ ही महिला के संपर्क में आए लोगों की पहचान कर उनकी कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग शुरू कर दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग और अस्पताल प्रशासन स्थिति पर पूरी तरह से नजर बनाए हुए है। अधिकारियों ने आम जनता से अपील की है कि घबराने या पैनिक करने की कोई जरूरत नहीं है, लेकिन सार्वजनिक स्थानों पर कोविड संबंधी आवश्यक एहतियात और सतर्कता बरतना बेहद जरूरी है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›