नैनीताल

कालाढूंगी में भीषण सड़क हादसा: कार-बाइक की टक्कर में दो युवकों की दर्दनाक मौत

नैनीताल जिले के कालाढूंगी में तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में कोटाबाग निवासी दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

नैनीताल। जिले में कालाढूंगी क्षेत्र के बेलपड़ाव के पास शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार और मोटरसाइकिल के बीच हुई आमने-सामने की भीषण भिड़ंत में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी कार चालक अपना वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 9:31 बजे डायल 112 पर आईआरबी बेलपड़ाव के पास दुर्घटना होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को डियर डोना रिजॉर्ट से लगभग 100 मीटर पहले कार और डिस्कवर बाइक क्षतिग्रस्त हालत में मिली। मृतकों की पहचान कोटाबाग क्षेत्र के धामड़देव निवासी गौरव बजवाल और गिनती गांव निवासी दर्शन सिंह के रूप में हुई है। दोनों शवों को 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर भिजवाया गया।
दोनों युवकों की असमय मृत्यु की खबर मिलते ही कोटाबाग और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही पर सख्त नियंत्रण लगाने की मांग की है।
चौकी प्रभारी राजवीर सिंह नेगी ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस ने कार के नंबर के आधार पर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Popular

CWN उत्तराखंड समेत देश और दुनिया भर के नवीनतम समाचारों का डिजिटल माध्यम है। अपने विचार या समाचार प्रसारित करने के लिए हमसे संपर्क करें। धन्यवाद

[email protected]

Select Language

© 2025, CWN (City Web News)
Get latest Uttarakhand News updates

To Top
English हिन्दी