Report by : CWN Desk
Published at :

सोशल मीडिया में वीडियो वायरल होने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप, बैठाई जांच
रुद्रपुर।
पोस्टमार्टम हाउस में संवेदनाओं को तार तार करने का मामला सामने आया है। अपने को खोने के गम मे डूबे परिजनों से शव के पोस्टमार्टम की एवज में रुपये मांग लिए गए। परिजनों ने पोस्टमार्टम के लिए रुपये दे दिए, साथ ही वीडियो बना लिया। सोशल मीडिया में वीडियो वायरल होने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। सीएमओ ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए जांच बैठा दी है।
सोमवार को शव विच्छेदन गृह में तैनात एक पीआरडी कर्मी का सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो रहा था। जिसमें आरोपी पीआरडी कर्मी मृतक के परिजनों से सामान लगाने आदि की बात करते हुए रुपयों की मांग कर रहा है। वीडियो में आरोपी पीआरडी कर्मी की परिजनों से बहस भी हो रही है। इसके बाद परिजन उसे रुपये देकर एंबुलेंस में शव को लेकर गंतव्य रवाना हो गए। हालांकि यह वीडियो कितने दिन पुराना है, यह जांच का विषय है। पीआरडी कर्मी के पोस्टमार्टम के एवज में रुपये की मांग करने का वीडियो वायरल होने से स्वास्थ्य महकमे में खलबली मची रही।
सीएमओ डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने जिला अस्पताल के पीएमएस डॉ. आरके सिन्हा को तीन दिन के भीतर जांच पूरी कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। सीएमओ ने कहा कि पोस्टमार्टम के लिए किसी भी तरह का शुल्क नहीं लिया जाता है। पीआरडी कर्मी रुपयों की मांग करते हुए वीडियो में दिखाई दे रहा है। वीडियो की सत्यता का पता लगाने के लिए जांच बिठाई है। जांच के बाद कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›