नई दिल्ली
कैंची धाम स्थापना दिवस: बाबा नीम करौली के जन्मोत्सव पर उमड़ा भक्तों का जनसैलाब
बाबा नीम करौली महाराज के कैंची धाम स्थापना दिवस पर भोर से ही भक्तों का हुजूम उमड़ पड़ा। मालपुए का प्रसाद पाकर श्रद्धालुओं ने लिया आशीर्वाद। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।
नैनीताल। विश्व प्रसिद्ध बाबा नीब करौरी महाराज के पावन धाम में आस्था का भव्य नजारा देखने को मिल रहा है। कैंची धाम स्थापना दिवस (Kainchi Dham foundation day) के पावन अवसर पर देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ पड़ा है। सोमवार सुबह मंदिर के कपाट खुलते ही पूरा परिसर ‘जय बाबा की’ के उद्घोष से गूंज उठा। कपाट खुलने के पहले ही घंटे में हजारों श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर चुके थे।
स्थापना दिवस की पूर्व संध्या से ही भक्तों की लंबी-लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने पूरी रात सड़कों पर बैठकर भक्तिभाव से हनुमान चालीसा पाठ (Hanuman chalisa path) किया। मंदिर में दर्शन के बाद सभी भक्तों को बाबा का प्रिय मालपुए का प्रसाद (Malpua prasad) वितरित किया जा रहा है। आस्था के इस महाकुंभ में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन बेहद मुस्तैद नजर आ रहा है।
प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधा के लिहाज से इस बार बेहद कड़े और व्यापक इंतजाम किए हैं। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने खुद पूरी रात कैंची में कैंप कर व्यवस्थाओं की कमान संभाली। कमिश्नर दीपक रावत और आईजी निवेदिता कुकरेती सहित आला अधिकारियों ने देर रात मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। हाल ही में हुई दो पुलिसकर्मियों की निलंबन की घटना के बाद पुलिस प्रशासन अतिरिक्त एहतियात बरत रहा है।
मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए 1500 से अधिक पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स के जवान तैनात किए गए हैं। यातायात को सुचारू रखने के लिए भवाली से कैंची धाम (Kainchi Dham) तक सड़क किनारे फड़, खोखे और अनाधिकृत भंडारों पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है।
