Report by : CWN Desk
Published at :
ज्योलिकोट में नदी में नहाते समय डूबा युवक, घंटों की मशक्कत के बाद मिला शव

नैनीताल। ज्योलीकोट क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में दमुवाढूंगा निवासी 19 वर्षीय युवक की नदी में डूबने से मौत हो गई। युवक अपने दोस्तों के साथ घूमने आया था और नहाते समय गहरे पानी में डूब गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू कर युवक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

जानकारी के अनुसार दमुवाढूंगा निवासी कुलदीप फर्त्याल पुत्र हरीश फर्त्याल शुक्रवार को अपने दोस्तों के साथ ज्योलीकोट घूमने आया था। सभी दोस्त ज्योली दोगड़ा पुल के पास स्थित नदी में नहाने के लिए उतर गए। नहाते समय कुलदीप अचानक एक गहरे खाल में चला गया और डूबने लगा। पहले दोस्तों ने खुद उसे खोजने की कोशिश की, लेकिन जब वह असफल रहे तो उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही ज्योलीकोट चौकी प्रभारी श्याम बोरा के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। साथ ही एसडीआरएफ और काठगोदाम पुलिस की टीम ने भी रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। घंटों की मशक्कत के बाद कुलदीप को नदी से बाहर निकाला गया और तत्काल एसटीएच अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इस हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों ने युवाओं से अनजान और गहरे जल स्रोतों में बिना सुरक्षा सावधानी के प्रवेश न करने की अपील की है, जिससे भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›