Connect with us

हल्द्वानी

हल्द्वानी में सनसनी: रेलवे ट्रैक पर मिला होटल मैनेजमेंट छात्र का शव, दोस्तों पर हत्या का आरोप

Published

on

खबर शेयर करें 👉

हल्द्वानी के गोरापड़ाव में रेलवे ट्रैक पर 24 वर्षीय छात्र सौरभ बजेठा का संदिग्ध शव मिला। चेहरे और कमर पर चोट के निशान हैं। परिजनों ने दोस्तों पर लगाया हत्या का आरोप।

हल्द्वानी। कोतवाली क्षेत्र के हाथीखाल (गोरापड़ाव) में रविवार देर रात एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ रेलवे पटरी के बीचों-बीच होटल मैनेजमेंट के एक 24 वर्षीय छात्र का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। मृतक की पहचान सौरभ सिंह बजेठा के रूप में हुई है। छात्र के चेहरे और कमर पर गंभीर चोटों के गहरे निशान मिले हैं, जिससे पूरा मामला बेहद रहस्यमयी बन गया है।
परिजनों ने सौरभ के ही दो पड़ोसी दोस्तों पर हत्या कर शव ट्रैक पर फेंकने का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों के मुताबिक रविवार की देर रात करीब 12:20 बजे सौरभ के एक दोस्त ने फोन कर घटना की जानकारी दी थी। उसने परिजनों से कहा कि सौरभ का ट्रेन से एक्सीडेंट हो गया है। इस कॉल के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और लोग तुरंत मौके की तरफ भागे।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। मृतक सौरभ आम्रपाली इंस्टीट्यूट से होटल मैनेजमेंट की पढ़ाई कर रहा था। जैसे ही उसकी मौत की खबर कॉलेज पहुंची, दर्जनों की संख्या में छात्र मोर्चरी पहुंच गए। लेकिन चौंकाने वाली बात यह रही कि जिन दो पड़ोसी दोस्तों पर परिवार ने हत्या की आशंका जताई है, वे न तो मौके पर पहुंचे और न ही मोर्चरी में नजर आए। दोस्तों का यह रवैया उनके ऊपर शक को और गहरा कर रहा है।
पुलिस का शुरुआती तौर पर मानना है कि युवक की मौत संपर्क क्रांति एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से हुई होगी। हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मौत की असली वजह और शरीर पर मिले जख्मों का सच पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगा। फिलहाल, पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है और मामले की हर एंगल से बारीकी से जांच कर रही है। उत्तराखंड पुलिस की सोशल मीडिया सेल भी इस मामले से जुड़ी अफवाहों पर नजर रख रही है।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement