हल्द्वानी
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का 21 मार्च को हल्द्वानी दौरा, आयुक्त दीपक रावत ने तैयारियों का लिया जायजा
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 21 मार्च को हल्द्वानी पहुंचेंगे। कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ बैठक कर एमबी इंटर कॉलेज मैदान में व्यवस्थाएं चाक-चौबंद करने के निर्देश दिए।
हल्द्वानी। आगामी 21 मार्च (शनिवार) को देश के यशस्वी रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के जनपद नैनीताल भ्रमण को लेकर प्रशासनिक मशीनरी पूरी तरह सक्रिय हो गई है। राज्य सरकार के सफलतम 4 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में हल्द्वानी के एमबी इंटर कॉलेज मैदान में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में आयुक्त/सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने सर्किट हाउस हल्द्वानी में उच्चाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण पूर्व तैयारी बैठक की और आयोजन को भव्य बनाने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने स्पष्ट किया कि कुमाऊं के प्रवेश द्वार हल्द्वानी में होने वाला यह आयोजन राज्य सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धियों का प्रतीक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम स्थल पर मंच निर्माण, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और साफ-सफाई में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आयुक्त ने लोनिवि (PWD) को निर्देश दिए कि वीआईपी मार्ग से कार्यक्रम स्थल तक की सड़कों को तत्काल गड्ढा मुक्त किया जाए।
जनता की सुविधा पर विशेष ध्यान देते हुए आयुक्त ने जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल और एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. को सेक्टरवार कार्य आवंटित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभा स्थल पर आने वाले आमजन के लिए सुगम पार्किंग, पेयजल, मोबाइल टॉयलेट और बैठने की उचित व्यवस्था होनी चाहिए। साथ ही, परिवहन विभाग को आगंतुकों के लिए वाहनों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
बैठक के पश्चात आयुक्त दीपक रावत ने स्वयं एमबी इंटर कॉलेज मैदान का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर पंडाल और मंच निर्माण की प्रगति देखी और समय सीमा के भीतर सभी कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। मुख्य विकास अधिकारी को निर्देश दिए गए कि विभिन्न सरकारी विभागों की प्रदर्शनी लगाने की तैयारी आज से ही शुरू कर दी जाए ताकि जनता सरकार की योजनाओं से रूबरू हो सके।
इस महत्वपूर्ण बैठक में दर्जा राज्य मंत्री डॉ. अनिल कपूर डब्बू, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, जिलाधिकारी उधमसिंह नगर नीतिन भदौरिया सहित पुलिस और प्रशासन के तमाम आला अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन का लक्ष्य है कि इस बड़े आयोजन को त्रुटिरहित और ऐतिहासिक बनाया जाए।
