Connect with us

देहरादून

देहरादून-मसूरी वीकेंड ट्रैफिक प्लान: पुलिस ने जारी किया रूट डायवर्जन, जाने से पहले देखें मैप

Published

on

खबर शेयर करें 👉

देहरादून और मसूरी में वीकेंड पर लगने वाले जाम से बचने के लिए पुलिस ने नया ट्रैफिक और डायवर्जन प्लान जारी किया है। ऋषिकेश और मसूरी जाने से पहले पूरी जानकारी देखें।

देहरादून। शुक्रवार से रविवार तक तीन दिनों के लंबे वीकेंड को देखते हुए देहरादून, मसूरी और ऋषिकेश में पर्यटकों की भारी भीड़ जुटने की संभावना है। इस दौरान शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए देहरादून पुलिस ने एक व्यापक ट्रैफिक और रूट डायवर्जन प्लान जारी किया है। संवेदनशील मार्गों और पर्यटन स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को असुविधा न हो।
दिल्ली, हरियाणा, यूपी और पंजाब से मसूरी व चकराता की ओर जाने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं। एक्सप्रेस-वे (डाटकाली) से आने वाले वाहन आईएसबीटी, शिमला बाईपास, बल्लूपुर और कुठालगेट होते हुए मसूरी जा सकेंगे। अत्यधिक दबाव होने की स्थिति में वाहनों को शिमला बाईपास, बल्लूपुर, किमाड़ी और हाथीपांव मार्ग से मसूरी की तरफ भेजा जाएगा।
शहर के मुख्य पर्यटन स्थलों जैसे गुच्चूपानी, सहस्रधारा और पैसिफिक मॉल में ट्रैफिक बढ़ने पर बैरियर लगाकर गाड़ियों को कैनाल रोड या मालदेवता मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा। मसूरी में पार्किंग व्यवस्था के लिए प्लान-ए, बी और सी तैयार किए गए हैं। पार्किंग 90 फीसदी फुल होने पर वाहनों को किंग क्रेग और गज्जी बैंड पर पार्क कराया जाएगा, जहाँ से पर्यटक लोकल टैक्सी का उपयोग कर सकेंगे।
ऋषिकेश और हरिद्वार मार्ग पर भी ट्रैफिक के दबाव को देखते हुए नटराज चौक, भद्रकाली और थानो रोड से वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने सभी चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और डायवर्जन प्लान के अनुसार ही यात्रा करने की अपील की है।

Select Language

Advertisement