Report by : CWN Desk
Published at :
देवरानी-जेठानी जीते चुनाव, कई पुराने प्रतिनिधियों को भी मिला दोबारा मौका

देहरादून। उत्तराखंड पंचायत चुनाव में रिश्तों और भरोसे का खास मेल देखने को मिला। कुछ सीटों पर एक ही परिवार के दो सदस्यों ने जीत दर्ज कर सबका ध्यान खींचा, तो वहीं कुछ पुराने प्रतिनिधियों ने दोबारा जीत हासिल कर जनता का विश्वास कायम रखा।
धनौला क्षेत्र पंचायत सीट पर साक्षी थापा और धनौला ग्राम पंचायत से सोनिया थापा ने जीत दर्ज की। दिलचस्प बात यह रही कि ये दोनों देवरानी-जेठानी हैं और पहली बार चुनावी मैदान में उतरी थीं। सोनिया थापा 30 वोटों से तो साक्षी थापा 23 वोटों से विजयी रहीं। चुनाव जीतने के बाद दोनों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बधाई दी और इस जीत का श्रेय परिवार के सहयोग और ग्रामीणों के समर्थन को दिया।
इसी तरह बड़ासी ग्रांट से भी परिवारिक जीत की तस्वीर सामने आई है। अरविंद कुमार ने क्षेत्र पंचायत सदस्य का चुनाव जीता, जबकि उनके भाई राहुल को ग्राम पंचायत सीट पर प्रधान चुना गया। दोनों भाई निजी कारोबार करते हैं और पहली बार चुनाव मैदान में उतरे थे। अरविंद ने बताया कि गांववालों की अपील पर उन्होंने नामांकन भरा और लोगों ने उम्मीद से बढ़कर समर्थन दिया।
वहीं अखंडवाली भिलंग ग्राम सभा से यशोदा देवी ने लगातार दूसरी बार प्रधान पद पर जीत दर्ज की है। उन्होंने कहा कि बीते कार्यकाल में जो काम अधूरे रह गए थे, अब उन्हें आगे बढ़ाकर पूरा करेंगी। पंचायत चुनाव के ये नतीजे दर्शाते हैं कि जनता अनुभव और परिवारिक मूल्यों पर भरोसा जताने में पीछे नहीं रहती।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›