Report by : CWN Desk
Published at :
धराली आपदा: मुख्यमंत्री धामी पहुंचे प्रभावितों के बीच, राहत कार्यों की ली समीक्षा, हरसंभव मदद का भरोसा

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी जिले के आपदा प्रभावित धराली गांव का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और प्रभावितों से मुलाकात कर हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। सीएम ने राहत कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रभावितों तक त्वरित राहत सामग्री पहुंचे और कोई भी परिवार सहायता से वंचित न रहे।

धराली आपदा: मुख्यमंत्री धामी पहुंचे प्रभावितों के बीच, राहत कार्यों की ली समीक्षा, हरसंभव मदद का भरोसा


धराली और हर्षिल क्षेत्र में आई इस भयावह प्राकृतिक आपदा के बाद राहत कार्यों को तेज करने के लिए दो हेलीकॉप्टरों से खाद्य और राहत सामग्री पहुंचाई गई, जबकि भारतीय वायुसेना के चिनूक हेलीकॉप्टर की मदद से भारी मशीनरी भी भेजी जा रही है। इससे मलबा हटाने और मार्गों की मरम्मत में तेजी लाई जा सकेगी।
मुख्यमंत्री ने राहत और बचाव कार्यों में जुटे सेना, एसडीआरएफ, पुलिस और प्रशासनिक कर्मियों से मुलाकात की और उनके प्रयासों की सराहना की। भारतीय सेना की तत्परता से रेस्क्यू ऑपरेशन में अब तक 135 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है, जिसमें धराली के पास से 100 और हर्षिल आर्मी गेट के नीचे से 35 लोगों को रेस्क्यू किया गया।
सेना के ब्रिगेडियर मंदीप ढिल्लन ने बताया कि धराली गांव, हर्षिल से करीब 4 किलोमीटर उत्तर में स्थित है और गंगोत्री मार्ग पर है। बादल फटने के तुरंत बाद 10 मिनट के भीतर सेना की टुकड़ी मौके पर पहुंच गई और राहत कार्य शुरू कर दिए। राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि हर प्रभावित तक सहायता पहुंचे और जल्द से जल्द सामान्य स्थिति बहाल की जाए।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›