Report by : CWN Desk
Published at :
लोकसभा निर्वाचन की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने आवश्यक बैठक की

पिथौरागढ़- आगामी लोकसभा निर्वाचन की तैयारियों के दृष्टिगत जिलाधिकारी रीना जोशी की अध्यक्षता एवं संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड प्रताप सिंह शाह की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट स्थित वीसी कक्ष में एक आवश्यक बैठक हुई। बैठक में आगामी लोकसभा निर्वाचन की तैयारियों के संबंध में विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रताप सिंह ने आगामी लोकसभा निर्वाचन की तैयारियों के बाबत भारत निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों के संबंध में अवगत कराया। उन्होंने बताया कि आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर भारत निर्वाचन आयोग बहुत ही गंभीर है। भारत निर्वाचन आयोग का विशेष फोकस आगामी लोकसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत को बढ़ाने पर है। मतदाता सूची को पारदर्शी बनाने के लिए बूथवाईज टीमों का गठन किया जाय जो संबंधित बूथ क्षेत्र में मतदाताओं के समक्ष मतदाता सूची में दर्ज लोगों के नाम पढ़कर सुनायेगी। ऐसा करने से संबंधित क्षेत्र के मृतक मतदाताओ अथवा अन्यत्र निवास करने वाले मतदाताओं की जानकारी स्थानीय लोगों से मिल सकेगी!जिससे मतदाता सूची को पारदर्शी बनाया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि वोट प्रतिशत बढ़ाने के लिए यह भी आवश्यक होगा कि स्वीप कार्यों की कार्ययोजना का निर्माण भी बेहतर ढंग से किया जाय। जिन बूथों पर पिछली बार कम वोट पड़े हैं वहां के लिए विशेष कार्य योजना बनाई जाय तथा स्वीप संबंधी कार्य अभी से प्रारंभ कर दिये जायें। कहा कि जनपद के संवेदनशील एवं अति संवेदनशील बूथों का चयन औचित्य पूर्ण आधार पर किया जाय तथा जनपद के संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील बूथों के चयन का कारण भी स्पष्ट किया जाय।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा बताए गये सुझावों पर अमल करने के निर्देश दिये।
बैठक में अपर जिलाधिकारी फिंचाराम चौहान, उप जिलाधिकारी अनुराग आर्य, मुख्य शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार जुकरिया सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›