Report by : Paras Bisht
Published at :
रामनगर वन प्रभाग की कोटा रेंज में हाथियों के झुंड ने पर्यटकों की कार पर किया हमला

हाथियों के हमले से घबराए सैलानियों ने कार छोड़कर बचाई जान
रामनगर। कॉर्बेट नेशनल पार्क से सटे रामनगर वन प्रभाग की कोटा रेंज में शनिवार देर रात हाथियों के झुंड ने पर्यटकों की कार पर हमला कर दिया। अचानक हाथियों के हमले से घबराए सैलानियों ने कार छोड़कर जान बचाई। पास ही गश्त कर रहे वनकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ा। हाथियों ने हमले में पर्यटकों की कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
बताया गया है कि शनिवार रात दिल्ली से आए पर्यटक कार से भलौन स्थित एक रिजॉर्ट में जा रहे थे। कार में चार-पांच लोग सवार थे। रात करीब 11 बजे सीतावनी क्षेत्र में भंडारपानी गेट के पास कार पर हाथियों के झुंड ने हमला कर दिया। हाथियों से घिरते देख पर्यटक गाड़ी छोड़कर भाग गए। गुस्साए हाथियों ने कार (डीएल 9सी एवाई 7631) को काफी क्षति पहुंचाई। पास ही गश्त कर रहे वनकर्मियों ने फायर कर हाथियों को कार के पास से हटाया। गश्तीदल ने कार सवार सोनू प्रसाद समेत अन्य पर्यटकों को रेस्क्यू कर भंडारपानी वन चौकी पहुंचाया। इसके बाद उन्हें रिजॉर्ट तक छोड़कर आये।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›