Report by : CWN Desk
Published at :
रामनगर: आमपानी बीट में वनकर्मियों और हथियारबंद तस्करों में मुठभेड़, आधे घंटे तक चली फायरिंग

रामनगर। तराई पश्चिम वन प्रभाग की आमपानी बीट में बुधवार रात हथियारबंद लकड़ी तस्करों और वन विभाग की गश्ती टीम के बीच मुठभेड़ हो गई। घटना आधी रात के बाद उस समय हुई जब करीब 15 तस्करों ने जंगल में घुसकर तीन सागौन के पेड़ काट दिए। पेड़ों की कटाई के दौरान आरा चलने की आवाज सुनकर रेंजर धर्मानंद सुलाल के नेतृत्व में वन कर्मियों की टीम मौके पर पहुंची और आरोपियों को घेरने की कोशिश की।

टीम को देखते ही तस्करों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में वन कर्मियों को भी आत्मरक्षा में गोली चलानी पड़ी। दोनों ओर से करीब 20 राउंड फायरिंग हुई, जिससे क्षेत्र में दहशत फैल गई। गनीमत रही कि किसी को भी गोली नहीं लगी।

करीब आधे घंटे की मुठभेड़ के बाद तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। तराई पश्चिम वन प्रभाग के एसडीओ मनीष जोशी ने बताया कि कुछ तस्करों की पहचान की गई है और उनके पीछे टीम लगाई गई है। हालांकि अभी तक पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है। वन विभाग अपने स्तर से कार्रवाई करने की बात कह रहा है।

वन विभाग अब आरोपियों की तलाश में जुटा हुआ है और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की योजना बनाई जा रही है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›