उधमसिंह नगर
बाजपुर में नकली दवा फैक्ट्री का पर्दाफाश, STF की छापेमारी में लाखों की नकली टैबलेट और शराब जब्त
बाजपुर में औषधि प्रशासन और STF ने सुल्तानपुर पट्टी की एक फैक्ट्री पर छापेमारी कर नकली एलोपैथिक दवाइयां जब्त कीं। मुख्य आरोपी गिरफ्तार। पूरी खबर पढ़ें।
बाजपुर। उत्तराखंड के बाजपुर स्थित सुल्तानपुर पट्टी औद्योगिक क्षेत्र में रविवार को एसटीएफ, औषधि प्रशासन और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की। टीम ने एक फैक्ट्री पर अचानक छापेमारी कर बड़े पैमाने पर नकली एलोपैथिक दवाएं और अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की। पुलिस ने मौके से मुख्य आरोपी धीरेंद्र को भी गिरफ्तार कर लिया है।
एसटीएफ के एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि बुलंदशहर निवासी धीरेंद्र ‘कोविल बॉयोटेक’ नाम से फैक्ट्री चला रहा था। आरोपी के पास सिर्फ आयुर्वेदिक और फूड सप्लीमेंट बनाने का लाइसेंस था। हालांकि, वह इसकी आड़ में नामी फार्मा कंपनियों के नाम से नकली एलोपैथिक दवाइयां तैयार कर रहा था। असली पैकिंग जैसी दिखने के लिए आरोपी हूबहू प्रिंटेड लेबल का इस्तेमाल करता था।
कार्रवाई के दौरान गोदाम से एक लाख से अधिक नकली टैबलेट और 15 हजार से ज्यादा सिरप की बोतलें बरामद हुई हैं। इसके अलावा दवा निर्माण और पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली सीलिंग व फिलिंग मशीनें भी जब्त की गई हैं। जांच में सामने आया कि आरोपी बाजार में ज्यादा मांग वाली गैस, एसिडिटी, एंटीबायोटिक और कैल्शियम की नकली दवाइयां तैयार कर रहा था।
पुलिस और औषधि प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी धाराओं में मामला दर्ज किया जा रहा है। इसके साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और आपूर्ति श्रृंखला का पता लगाने के लिए भी जांच तेज कर दी गई है।
