उधमसिंह नगर
खटीमा में नहर में नहाते समय 12 वर्षीय बालक की डूबने से मौत, गांव में मातम
उधम सिंह नगर के खटीमा में नहर में नहाने गया 12 साल का जसवंत तेज बहाव में बह गया। 3 घंटे के सर्च ऑपरेशन के बाद शव बरामद।
ऊधम सिंह नगर। जिले के खटीमा क्षेत्र से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां घर के पास स्थित नहर में नहाते समय तेज बहाव की चपेट में आने से 12 वर्षीय बालक की डूबकर मौत हो गई। पुलिस, पीएसी और स्थानीय ग्रामीणों ने करीब तीन घंटे तक संयुक्त सर्च अभियान चलाकर बच्चे का शव बरामद किया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रतापपुर नंबर-7 जोगीठेर का रहने वाला जसवंत सिंह उर्फ हैप्पी (12) बुधवार शाम को अपने दो साथियों के साथ पास की नहर में नहाने गया था। नहाते समय अचानक पानी का बहाव तेज हो गया और तीनों बच्चे गहराई में समाने लगे। बच्चों को चीखते-चिल्लाते देख आसपास मौजूद बंगाली समुदाय के लोगों ने तुरंत नहर में छलांग लगा दी।
स्थानीय लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए दो बच्चों को तो सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन जसवंत तेज बहाव के साथ आगे बह गया। घटना की सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान गुरसेवक सिंह ने प्रतापपुर चौकी पुलिस को खबर दी। चौकी प्रभारी राजेंद्र पंत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत कार्य के लिए पीएसी की टीम को भी तैनात किया गया।
पुलिस, पीएसी और ग्रामीणों ने नहर में करीब तीन घंटे तक व्यापक खोजबीन अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद घटनास्थल से कुछ दूरी पर जसवंत का शव बरामद हुआ। आनन-फानन में बालक को उप जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
इस दर्दनाक हादसे के बाद से पूरे प्रतापपुर गांव में मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे बरसात और उफान के मौसम में बच्चों को नहरों, नदियों या गहरे जल निकायों के पास न जाने दें, ताकि ऐसी दुखद घटनाओं से बचा जा सके।
