Report by : CWN Desk
Published at :
बाजपुर में नशा मुक्ति केंद्र की टीम पर जानलेवा हमला, सुपरवाइजर की मौत

किच्छा की विकास कॉलोनी में 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन की चपेट में आने से 12 साल के बालक की मौत। दो बहनों का इकलौता भाई था मृतक राज।

ऊधमसिंहनगर। जिले के किच्छा में एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहाँ खेलते समय पड़ोस की छत पर पतंग लेने गए 12 वर्षीय बालक की 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। इस दुखद घटना के बाद से मृतक बालक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरी कॉलोनी में मातम छाया है।
मृतक की पहचान विकास कॉलोनी वार्ड-16 निवासी राज के रूप में हुई है, जो चौथी कक्षा का छात्र था। शनिवार को खेलते समय उसकी पतंग दूसरी गली में स्थित एक मकान की छत पर गिर गई थी। जब वह छत पर पतंग उठाने गया, तो वहाँ से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया। तेज करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया।
हादसे के तुरंत बाद विद्युत लाइन ट्रिप हो गई और तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। स्थानीय निवासियों ने मासूम को छत पर अचेत अवस्था में पड़ा देखा और आनन-फानन में उसे नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले गए। हालाँकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद बालक को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही ऊर्जा निगम के कनिष्ठ अभियंता ओम कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे और मामले की जानकारी ली। मृतक राज अपने पिता गुरमीत सिंह का इकलौता बेटा और दो बहनों का अकेला भाई था। पूर्व सभासद अरुण तनेजा ने बताया कि विद्युत लाइनों के नीचे बने मकानों के कारण इस क्षेत्र में पहले भी तीन बार ऐसे हादसे हो चुके हैं।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›