हरिद्वार
हरिद्वार में पंजाब का जाली नोट गिरोह गिरफ्तार, 500 के नकली नोट बरामद
हरिद्वार पुलिस ने चेकिंग के दौरान पंजाब के 4 शातिर तस्करों को दबोचा। आरोपियों से 500 रुपये के 169 जाली नोट बरामद। पंजाब रवाना हुई पुलिस टीम।
हरिद्वार। पुलिस ने जाली नोटों की एक बड़ी खेप के साथ पंजाब के चार शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर जिले में चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान नगर कोतवाली पुलिस को यह बड़ी सफलता मिली। पकड़े गए सभी आरोपी पंजाब के गुरदासपुर जिले के रहने वाले हैं। पुलिस अब इस गिरोह के मुख्य सरगना और सप्लायर की तलाश में जुट गई है।
पुलिस के अनुसार, मेला अस्पताल के पास संदिग्ध गतिविधि दिखने पर जब टीम ने चार युवकों को रोकने का प्रयास किया, तो वे भागने लगे। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर बिल्केश्वर तिराहे से टिबड़ी तिराहे के बीच घेराबंदी करके चारों को दबोच लिया। तलाशी लेने पर आरोपियों के पास से 500-500 रुपये के कुल 169 जाली नोट बरामद हुए, जिनकी कुल कीमत 84,500 रुपये आंकी गई है।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान सरजीत सिंह, टिंकू, सुमित कुमार और संजीव कुमार के रूप में हुई है, जो गुरदासपुर सिटी के निवासी हैं। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने पंजाब में ही एक व्यक्ति से महज 20 हजार रुपये देकर 500 रुपये के 200 नकली नोट खरीदे थे। उनका मकसद इन जाली नोटों को असली बताकर हरिद्वार के भीड़भाड़ वाले बाजारों में खपाना था।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी कुछ नकली नोट बाजार में पहले ही चला चुके हैं। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए बरामद नकली नोटों की जानकारी केंद्रीय जांच एजेंसियों को भी दे दी गई है। एसएसपी नवनीत सिंह ने बताया कि पूरे गिरोह और मुख्य सप्लायर का भंडाफोड़ करने के लिए एक विशेष पुलिस टीम का गठन कर उसे पंजाब रवाना कर दिया गया है।
