Connect with us

उधमसिंह नगर

सितारगंज: सैजनी गांव में पानी लगाने को लेकर विवाद में किसान की गोली मारकर हत्या, आरोपी फरार

Published

on

खबर शेयर करें 👉

सितारगंज। मंगलवार देर शाम उधमसिंह नगर जनपद के सितारगंज क्षेत्र के गांव सैजनी में खेत में पानी लगाने को लेकर हुए मामूली विवाद ने बड़ा रूप ले लिया। विवाद के बाद आरोपी घर गया और कुछ देर में तमंचा लेकर लौट आया। उसने किसान सुरजीत सिंह राणा (42) के बिल्कुल पास जाकर सीने में सटाकर गोली दाग दी। गंभीर रूप से घायल सुरजीत खेत में ही गिर पड़े। शोर सुनकर पास के खेतों में काम कर रहे उनके भाई व अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्हें जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।

मामले की प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम सुरजीत अपने खेत में पानी लगा रहे थे। इसी दौरान गांव के ही एक व्यक्ति से उनकी कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी पहले तो वहाँ से चला गया, लेकिन थोड़ी देर बाद हथियार लेकर लौटा और वारदात को अंजाम दे दिया। गोली चलने की आवाज से अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस के अनुसार तहरीर प्राप्त हो चुकी है और मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें 👉  खटीमा में दुपट्टे के फंदे से लटकी मिली युवती, परिजनों के बयान दर्ज

एसएसआई विक्रम सिंह धामी ने बताया कि फरार हत्यारोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। सीमा पर सतर्कता बढ़ाते हुए नेपाल बॉर्डर पर सघन तलाशी अभियान चलाया गया है, साथ ही संभावित ठिकानों पर नाकेबंदी की गई है। पुलिस टीमों को आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए हैं।

परिवार की आर्थिक स्थिति साधारण बताई जा रही है। सुरजीत मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में वृद्ध मां, पत्नी और एक छोटा बेटा है। घर के एकमात्र कमाने वाले सदस्य की अचानक मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग उठाई है। बताया जा रहा है कि मृतक नानकमत्ता के पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा के रिश्तेदार थे।

यह भी पढ़ें 👉  रिश्तों में दरार: दिनेशपुर में महिला की आत्महत्या, काशीपुर में पति-पत्नी का होटल में हंगामा

ग्रामीणों के अनुसार, हत्यारोपी का आपराधिक इतिहास रहा है। वर्ष 2017 में वह गैंगस्टर एक्ट में निरुद्ध रहा था और उसी वर्ष फिरौती के लिए बच्चे के अपहरण के एक मामले में नामजद था। लंबे समय तक जेल में रहने के बाद वह रिहा हुआ था। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी आए दिन लोगों को धमकाता रहता था और पहले ध्यानपुर में रहता था।

पुलिस ने कहा है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तेज की जाएगी। आरोपी की तलाश जारी है।

Select Language

Advertisement