Report by : CWN Desk
Published at :
काशीपुर में प्रभारी मंडी सचिव 1.20 लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

काशीपुर। विजिलेंस टीम ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए काशीपुर फल मंडी के प्रभारी मंडी सचिव पूरन सिंह सैनी को 1.20 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। यह रकम उन्होंने दो दुकानों के लाइसेंस जारी करने के बदले में मांगी थी। आरोपी मंडी सचिव की सेवानिवृत्ति मात्र पांच महीने बाद होने वाली थी।

ग्राम सरवरखेड़ा निवासी दो आढ़तियों, सफायत और शकील, ने करीब आठ दिन पूर्व मंडी में दो दुकानों के लाइसेंस के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि प्रभारी मंडी सचिव ने प्रत्येक लाइसेंस के बदले 60-60 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की। दोनों आढ़तियों ने डायल 1064 पर विजिलेंस को शिकायत दी थी। जांच में शिकायत सत्य पाई गई।

इसके बाद विजिलेंस की 11 सदस्यीय टीम ने मंडी सचिव को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। मंगलवार शाम करीब 4:30 बजे टीम दो वाहनों में मंडी सचिव कार्यालय पहुंची। जैसे ही शिकायतकर्ताओं ने 1.20 लाख रुपये नकद सौंपे, टीम ने तुरंत दबिश देकर पूरन सिंह सैनी को पकड़ लिया।

गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस ने मंडी कार्यालय की फाइलें जब्त कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही कार्रवाई के दौरान किसी भी कर्मचारी को बाहर जाने की अनुमति नहीं दी गई। देर रात तक विजिलेंस की कार्रवाई जारी थी।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›