जल -जंगल -जमीन
धारी–भीमताल–रामगढ़ के किसानों को नहीं मिला फसल बीमा सांसद अजय भट्ट ने जिलाधिकारी को लिखा पत्र
धानाचूली(नैनीताल)। विकासखंड धारी अंतर्गत धारी, भीमताल एवं रामगढ़ क्षेत्र के किसानों को फसल बीमा योजना का लाभ न मिलने का मामला गंभीर होता जा रहा है। इस संबंध में नैनीताल–ऊधमसिंह नगर के सांसद एवं केंद्रीय पर्यटन एवं रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने जिलाधिकारी नैनीताल को पत्र लिखकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
धारी निवासी प्रदीप बिष्ट ने सांसद अजय भट्ट को पत्र लिख कर बताया कि वर्ष 2024–25 में क्षेत्र के अनेक किसानों ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत सेब की फसल का बीमा कराया था। यह बीमा साधन सहकारी समिति के माध्यम से एसबीआई जनरल इंश्योरेंस कंपनी द्वारा किया गया था। प्रतिकूल मौसम एवं अन्य कारणों से सेब की फसल को भारी नुकसान हुआ, जिससे किसानों को गंभीर आर्थिक क्षति उठानी पड़ी।
सांसद अजय भट्ट ने जिलाधिकारी नैनीताल को लिखे पत्र में उल्लेख किया है कि अन्य विकासखंडों में जहां किसानों को प्रति किसान ₹7000 तक की बीमा राशि का भुगतान किया गया, वहीं विकासखंड धारी के किसानों को मात्र ₹1900 प्रति किसान की अत्यंत कम राशि दी गई, जो वास्तविक नुकसान की तुलना में नाकाफी है। कई किसानों को अब तक उनका उचित फसल बीमा क्लेम नहीं मिल पाया है।
उन्होंने कहा कि बीमा भुगतान न होने से क्षेत्र के किसान आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं और उनमें भारी रोष व्याप्त है। सांसद ने जिलाधिकारी से आग्रह किया है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित विभाग एवं बीमा कंपनी के साथ समन्वय स्थापित कर निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा प्रभावित किसानों को उनके वास्तविक नुकसान के अनुरूप उचित फसल बीमा क्लेम का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित कराया जाए।
इधर, धारी, भीमताल और रामगढ़ क्षेत्र के किसानों ने सांसद द्वारा उठाए गए इस मुद्दे का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि अब उन्हें न्याय मिलेगा और लंबे समय से लंबित फसल बीमा समस्या का समाधान होगा। इसके अलावा सांसद भट्ट ने केंद्रीय कृषि मंत्री से इस बाबत वार्ता कर किसानों को उचित बीमा दिए जाने की बात कही है।
