जल -जंगल -जमीन
धारी तहसील के बूढ़ीबना गांव में जंगली सूअर का हमला, युवक गंभीर रूप से घायल
परबड़ा गांव मर भालू दिखने पर ग्रामीणों में दहशत
धानाचूली। नैनीताल जिले में के कई क्षेत्रों में तेदुएं के साथ सुअर व बंदरो का आतंक चरम पर है, तेदुएं तो हमले कर ही रहे है अब सुअर भी कसर नही छोड़ रहे है। वही धारी के ही परबड़ा गांव में भालू दिखने पर ग्रामीणों में दहशत मच गई है। वही वन विभाग से क्षेत्र में गस्त कर इन जानवरों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार धारी तहसील अंतर्गत पट्टी पूर्वी आगर के ग्राम बूढ़ीबना में जंगली सूअर के हमले से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान गणेश सिंह (25) पुत्र कुंदन सिंह के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बीते रोज सुबह करीब 9 बजे गणेश सिंह अपने घर से खेत की ओर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में घात लगाए बैठे जंगली सूअर ने अचानक उस पर हमला कर दिया। गणेश ने साहस दिखाते हुए सूअर से भिड़कर अपनी जान बचाई, लेकिन संघर्ष के दौरान सूअर ने उसके हाथ की एक अंगुली नोच ली, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों की मदद से घायल युवक को तत्काल स्थानीय अस्पताल में भर्ती करा कर उपचार किया। डॉक्टरों के अनुसार युवक की हालत स्थिर बताई जा रही है।
क्षेत्र में जंगली सूअर , भालू और तेंदुए की बढ़ती सक्रियता से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने तथा घायल युवक को शीघ्र मुआवजा दिए जाने की मांग की है।
उधर वनक्षेत्राधिकारी भवाली विजय मेलकानी का कहना है घटना की जानकारी उनके संज्ञान में नही है, परिजनों की तरफ से सूचना आती है तो जांच की जाएगी।
