नैनीताल
भीमताल: महिला को निवाला बनाने वाली बाघिन ट्रेंकुलाइज, वन विभाग को मिली बड़ी कामयाबी
भीमताल के सूर्या जाला गांव में वन विभाग ने आदमखोर बाघिन को ट्रेंकुलाइज किया। महिला की मौत के बाद से इलाके में दहशत थी। बाघिन को रानीबाग रेस्क्यू सेंटर भेजा गया।
भीमताल/हल्द्वानी। नैनीताल जिले के भीमताल ब्लॉक अंतर्गत सूर्या जाला गांव में पिछले कई दिनों से दहशत का सबब बनी मादा बाघिन को आखिरकार वन विभाग ने पकड़ लिया है। सोमवार देर रात वन विभाग की रेस्क्यू टीम ने बाघिन को सफलतापूर्वक ट्रेंकुलाइज कर अपने कब्जे में लिया। पकड़ी गई बाघिन को सुरक्षा के लिहाज से तुरंत रानीबाग रेस्क्यू सेंटर भेज दिया गया है।
बता दें कि बीते शुक्रवार को सूर्या जाला निवासी हंसी देवी पर बाघ ने उस समय हमला किया था, जब वह जंगल में मवेशियों के लिए चारा लेने गई थीं। इस दुखद घटना में महिला की मौत हो गई थी, जिसके बाद से ही पूरे इलाके में भारी रोष और डर का माहौल था। ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए वन विभाग ने क्षेत्र में पांच पिंजरे और दस से अधिक कैमरे लगाकर सघन सर्च अभियान शुरू किया था।
वन क्षेत्राधिकारी नितिन पंत ने बताया कि बाघिन की गतिविधि पर टीम लगातार नजर रख रही थी। सोमवार को बाघिन ने एक मवेशी का शिकार किया था। जब वह दोबारा अपने उसी शिकार को खाने के लिए वापस पहुंची, तभी पहले से घात लगाए बैठी वन विभाग की विशेषज्ञ टीम ने उसे ट्रेंकुलाइज कर लिया। इस कामयाबी के बाद वन विभाग की टीम ने राहत की सांस ली है।
पकड़ी गई बाघिन के सैंपल अब विस्तृत जांच के लिए लैब भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही तकनीकी रूप से इस बात की पुष्टि हो पाएगी कि क्या यह वही वन्यजीव है जिसने महिला को अपना निवाला बनाया था। फिलहाल, बाघिन को विशेषज्ञों की निगरानी में रखा गया है। वन विभाग ने ग्रामीणों से अभी भी सतर्क रहने की अपील की है।
