नैनीताल
भीमताल में युवक की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप, ट्रांसफार्मर के पास मिला कुक का शव
भीमताल की गोलूधार सोसाइटी में ट्रांसफार्मर के पास 39 वर्षीय अमर राम का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस फॉरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम के जरिए मामले की जांच कर रही है।
भीमताल। गोलूधार सोसाइटी में गुरुवार सुबह एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने ट्रांसफार्मर के समीप एक युवक का शव पड़ा देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचित किया गया। घटना की खबर मिलते ही भीमताल पुलिस और ऊर्जा निगम की टीम तुरंत मौके पर पहुंची।
मृतक की पहचान अल्मोड़ा निवासी 39 वर्षीय अमर राम के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार अमर राम गोलूधार में आकाश कपूर के घर पर बतौर कुक काम करता था। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
स्वजनों और परिचितों के अनुसार अमर राम ने बुधवार शाम करीब छह बजे फोन कर बाल कटवाने जाने की बात कही थी। हालांकि, इसके करीब आधे घंटे बाद जब दोबारा संपर्क करने की कोशिश की गई तो उसने फोन नहीं उठाया। गौर करने वाली बात यह भी है कि उसी रात करीब आठ बजे क्षेत्र की बिजली भी अचानक गुल हो गई थी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस प्राथमिक जांच में अमर की मौत की वजह करंट लगना मान रही है। हालांकि, मौत के असली कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच की रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए हैं। इसके साथ ही मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।
