Report by : CWN Desk
Published at :
नैनीताल के ऐतिहासिक ओल्ड लंदन हाउस में भीषण आग, इतिहासविद् की बहन जिंदा जली

नैनीताल। मल्लीताल के मोहनको चौराहे स्थित ऐतिहासिक ओल्ड लंदन हाउस में बुधवार देर रात भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में प्रसिद्ध इतिहासकार प्रोफेसर अजय रावत की 85 वर्षीय बहन शांता बिष्ट की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई। रेस्क्यू टीम ने अंदर फंसे शव को बाहर निकाला और पुलिस के सुपुर्द किया।
जानकारी के अनुसार घटना बुधवार रात करीब साढ़े नौ बजे हुई। अचानक लगी आग ने पूरे भवन को अपनी चपेट में ले लिया। लकड़ी से बने इस पुराने भवन में आग इतनी तेजी से फैली कि लोग घबराकर बाहर निकल आए। मौके पर मौजूद स्थानीय युवाओं ने साहस दिखाते हुए अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया। सूचना पर पुलिस, दमकल, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीम ने मोर्चा संभाला और रेस्क्यू अभियान चलाया।
रेस्क्यू के दौरान एक शव जला हुआ फर्श से चिपका मिला, जिसकी पहचान शांता बिष्ट के रूप में की गई। पुलिस ने बताया कि मृतका प्रो. अजय रावत की बहन थीं और अपने पुत्र निखिल के साथ यहां रहती थीं। उनकी दूसरी बहन कर्णप्रिया रावत का निधन कोरोना काल में हो चुका था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ओल्ड लंदन हाउस नैनीताल की धरोहर माना जाता है। वर्ष 1863 में अंग्रेजों ने इसका निर्माण कराया था। उस दौर में यहां नॉर्थ वेस्टर्न प्रोविन्स के ब्रिटिश अधिकारी रहा करते थे। बाद में इसे आवासीय भवन के रूप में प्रयोग किया जाने लगा।
कोतवाल हेम चंद्र पंत ने पुष्टि करते हुए बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं स्थानीय लोग इस हादसे से बेहद दुखी हैं। उनका कहना है कि यह घटना न केवल एक बुजुर्ग महिला की दर्दनाक मौत है, बल्कि नैनीताल की ऐतिहासिक धरोहर को भी गहरा आघात है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›