Report by : CWN Desk
Published at :
पूर्व राजनयिक डॉ. मोक्षराज ने की योगगुरु स्वामी रामदेव से भेंटवार्ता

जयपुर में आयोजित आर्य महासम्मेलन में 2 दिन के योग शिविर के लिए किया आग्रह

हरिद्वार। आर्य प्रतिनिधि सभा, राजस्थान के तत्वावधान में दिनांक 23-24 सितंबर को गुलाबी नगरी जयपुर में प्रांत स्तरीय महासम्मेलन आयोजित किया जा रहा है । इस सम्मेलन में 25 हज़ार लोगों के सम्मिलित होने की संभावना है, जिनमें देश-विदेश की अनेक हस्तियाँ सम्मिलित होंगी ।
महर्षि दयानंद सरस्वती की 200वीं जयन्ती के अवसर पर आयोजित इस आर्य महासम्मेलन में प्रसिद्ध योगगुरु स्वामी रामदेव को आमंत्रित करने के लिए अमेरिका स्थित भारतीय राजदूतावास में प्रथम सांस्कृतिक राजनयिक रहे डॉ. मोक्षराज के साथ आर्य प्रतिनिधि सभा राजस्थान के मंत्री जीव वर्धन शास्त्री एवं कोषाध्यक्ष जयसिंह गहलोत ने शनिवार को योग ग्राम हरिद्वार में भेंट की। इस मौके पर
डॉ. मोक्षराज ने स्वामी रामदेव से आग्रह किया कि वे महासम्मेलन के दौरान जयपुर में एक योग शिविर भी आयोजित कर सम्मेलन को जनोपयोगी रूप प्रदान करें।
डॉ. मोक्षराज ने कहा कि हमें उम्मीद है महर्षि दयानंद सरस्वती के महनीय योगदान को ध्यान में रखते हुए स्वामी रामदेव जयपुर की जनता को अवश्य लाभान्वित करेंगे ।
सर्वविदित है कि स्वामी रामदेव आर्यसमाज के गुरुकुलों में ही पढ़े हैं, योग व वेदों के प्रति रुचि का माध्यम भी यही गुरुकुल बने। स्वामी रामदेव महर्षि दयानंद सरस्वती के जीवन से अत्यधिक प्रभावित हैं । वे वेदों की ओर लौटो की राह को और अधिक सुगम बनाने के लिए भी संकल्पित हैं ।
उल्लेखनीय है कि डॉ. मोक्षराज तब पुनः चर्चा में आ गए थे जब उनकी शिष्या व्हाइट हाउस की ऑफीसियल सिंगर, अफ़्रीकन अमेरिकन मूल की हॉलीवुड अभिनेत्री मैरी मिलबेन ने भारत का राष्ट्रगान गाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पैर छुए थे ।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›