Report by : CWN Desk
Published at :
उत्तराखंड में जनवरी से बिजली उपभोक्ताओं को लगेगा झटका

ऊर्जा निगम ने बिजली दरों में 23 पैसे से 55 पैसे प्रति यूनिट तक वृद्धि हुई
देहरादून। उत्तराखंड का ऊर्जा निगम नए साल में बिजली उपभोक्ताओं का स्वागत बिजली की बढ़ी दरों से करेगा। निगम ने जनवरी में आने वाले बिल के लिए बिजली दरों में 23 पैसे से 55 पैसे प्रति यूनिट तक वृद्धि कर दी है।
उत्तराखंड विद्युत नियामक आयोग ने केंद्रीय व्यवस्था के तहत प्रदेश में भी बिजली की दरें हर महीने तय करने की व्यवस्था लागू की थी। इस क्रम में ऊर्जा निगम ने दिसंबर माह के लिए दरें घोषित कर दी हैं। बीपीएल उपभोक्ताओं के लिए 15 पैसे, घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 38 पैसे, सरकारी संस्थानों के लिए 52 पैसे, कॉमर्शियल के लिए 55 पैसे प्रति यूनिट के हिसाब से वृद्धि की गई है। इसके अलावा निजी ट्यूबवेल के लिए 16 पैसे, कृषि आधारित गतिविधियों के लिए 23 पैसे प्रति यूनिट अधिक भुगतान करना होगा। उद्योगों में एलटी-एचटी इंडस्ट्री को 51 पैसे, मिक्सड लोड कनेक्शन को 49 पैसे और रेलवे को 48 पैसे प्रति यूनिट ज्यादा देने होंगे। इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग स्टेशन के लिए 45 पैसे प्रति यूनिट की वृद्धि तय की गई। इस संबंध में ऊर्जा निगम के एमडी अनिल कुमार की ओर से आदेश जारी किए गए। प्रदेश में जब से हर महीने बिजली बिल तय करने की व्यवस्था लागू हुई है, तब से ईंधन और बिजली खरीद मूल्य समायोजन शुल्क के नाम पर तीन माह दरों में भारी वृद्धि की गई जबकि सिर्फ नवंबर में एकबार नाममात्र की राहत दी गई।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›