Report by : CWN Desk
Published at :
श्रीनगर में घर के आंगन से सात वर्षीय बच्ची को उठाकर ले गया गुलदार

श्रीनगर। घर के आंगन में घात लगाकर बैठा गुलदार सात वर्षीय बच्ची को उठाकर ले गया। बच्ची घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर घायल अवस्था में मिली। गंभीर हालत में उसे बेस अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
निवर्तमान सभासद विभोर बहुगुणा ने बताया कि श्रीकोट के गंगनाली के बेस अस्पताल कालोनी के समीप सोनी कुमार परिवार समेत कच्चा मकान बनाकर रहता है। परिवार में चार बच्चे और पत्नी हैं। शुक्रवार देर शाम उनकी बेटी सिया बाथरूम करने घर के समीप बने टॉयलेट में गई।
इसी दौरान टॉयलेट के पीछे गुलदार घात लगाकर बैठा हुआ था और सिया के बाथरूम से बाहर निकलते ही हमला कर दिया। वह उसे अपने पंजों में दबाकर जंगल की तरफ भाग निकला। भनक लगने पर परिजनों ने हल्ला मचाना शुरू कर दिया।
जिस पर मौके पर पहुंचे लोगों ने इसकी सूचना पुलिस और वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों की तरफ से बच्ची की खोजबीन शुरू की। घर से कुछ दूरी पर बच्ची के कपड़े बरामद हुए।
काफी तलाश के एक घंटे बाद करीब घर से कुछ दूर बच्ची बेसुध हालत में मिली। उसके गले समेत शरीर के अन्य स्थानों पर गुलदार के पंजों के निशान हैं। गंभीर हालत में उसे बेस अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां उसका उपचार करवाया जा रहा है।  वनक्षेत्राधिकारी ललित मोहन नेगी ने बताया कि उन्हें घटना की सूचना है लेकिन, उनके पौड़ी होने के चलते वे अभी रास्ते में हैं। जल्दी पहुंचकर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›