चमोली/उत्तरकाशी/रुद्रप्रयाग/टिहरी/पौड़ी
रुद्रप्रयाग में गुलदार का आतंक: बुजुर्ग महिला को बनाया निवाला, वन विभाग ने जारी किए मारने के आदेश
रुद्रप्रयाग। जिले के जखोली ब्लॉक के ग्राम मखेत के आश्रम तोक में मंगलवार देर शाम गुलदार ने 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला को मौत के घाट उतार दिया। इस घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों में भारी रोष है। वन विभाग ने गुलदार को मारने के आदेश जारी कर दिए हैं।
मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे आश्रम तोक निवासी कैलाश सिंह बुटोला की पत्नी रामेश्वरी देवी अपने घर के पास अकेली थीं, तभी गुलदार ने उन पर हमला कर दिया और घसीटते हुए जंगल की ओर ले गया। घटना की सूचना मिलते ही उप प्रभागीय वनाधिकारी डॉ. दिवाकर पंत और वन क्षेत्राधिकारी (दक्षिणी) हरीश थपलियाल टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वन विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद महिला का शव घर से कुछ दूर जंगल में बरामद किया।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने वन विभाग पर नाराजगी जताई और आरोप लगाया कि लगातार हो रहे गुलदार के हमलों के बावजूद ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। ग्रामीणों ने बताया कि 30 मई को पास के कांडा गांव में भी गुलदार ने रूपा देवी नाम की महिला को मार डाला था। वहीं, मेहरगांव, ढुमकी, खरियाल और देवल गांव में भी गुलदार के हमले की कई घटनाएं हो चुकी हैं।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि वन विभाग ने जल्द कार्रवाई नहीं की, तो भविष्य में और भी गंभीर हादसे हो सकते हैं। गुलदार के हमलों की बढ़ती घटनाओं से लोग अपने घरों से निकलने में भी डरने लगे हैं।
वन विभाग ने घटना को गंभीरता से लेते हुए गुलदार को पकड़ने और आवश्यक होने पर मारने के आदेश दे दिए हैं। साथ ही क्षेत्र में गश्त बढ़ाने के निर्देश भी जारी किए गए हैं ताकि ग्रामीणों को और अधिक नुकसान से बचाया जा सके।
