Report by : राम सिंह, अल्मोड़ा
Published at :
पौड़ी गढ़वाल के हलसी गांव में गुलदार के हमले से महिला की मौत, इलाके में दहशत

अल्मोड़ा। नगर समेत आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में गुलदार का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार सुबह साढ़े छह बजे नगर से सटे मालगांव में गुलदार ने एक बार फिर हमला कर पिता-पुत्र को घायल कर दिया, जबकि एक युवती बाल-बाल बच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मालगांव निवासी हिमानी सुबह अपने आंगन में कुत्ते के साथ मौजूद थी, तभी अचानक एक गुलदार कुत्ते पर झपट पड़ा। अपनी बेटी को खतरे में देख हिमानी की मां ने जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया, जिससे घबराकर हिमानी जान बचाने के लिए घर के समीप बने शौचालय की ओर दौड़ पड़ी।

गुलदार ने उसका पीछा किया, परंतु दरवाजा बंद करने से पहले ही गुलदार ने उस पर हमला कर दिया, जिससे दरवाजा टूट गया। गनीमत रही कि हिमानी दरवाजा टूटते ही भीतर पहुंच गई, जिससे उसकी जान बच गई।

इस बीच, शोरगुल सुनकर मौके पर पहुंचे पिता-पुत्र गुलदार से भिड़ गए। गुलदार के हमले में दोनों घायल हो गए, जिनका बेस अस्पताल में इलाज कराया गया। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

आसपास के लोग इकट्ठा हो गए, जिसके बाद गुलदार एक मकान की गली में छुप गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को सतर्क रहने की हिदायत दी। मालगांव सहित आसपास के गांवों में गुलदार के आतंक से भय का माहौल है, लोग वन विभाग से तुरंत गुलदार को पकड़ने की मांग कर रहे हैं ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›