चमोली/उत्तरकाशी/रुद्रप्रयाग/टिहरी/पौड़ी
पौड़ी में गुलदार का आतंक: बमठी गांव में घास लेने गई बुजुर्ग महिला को बनाया निवाला
पौड़ी के बमठी गांव में गुलदार ने 72 वर्षीय बुजुर्ग महिला को मार डाला। वन विभाग के खिलाफ ग्रामीणों का भारी आक्रोश। गुलदार को आदमखोर घोषित करने की मांग।
पौड़ी: पौड़ी जिला मुख्यालय के समीपवर्ती बमठी गांव में बृहस्पतिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां घर के पास ही खेतों में घास लेने गई 72 वर्षीय बुजुर्ग महिला सीता देवी पर घात लगाए गुलदार ने हमला कर उन्हें मार डाला। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों का गुस्सा वन विभाग के खिलाफ फूट पड़ा है।
जानकारी के अनुसार, सीता देवी सुबह करीब अपने घर से महज दो खेत नीचे भैंस के लिए घास लेने गई थीं। तभी झाड़ियों में छिपे गुलदार ने उन पर हमला कर दिया और उन्हें घसीटते हुए करीब 100 मीटर नीचे घनी झाड़ियों में ले गया। काफी देर तक जब वह घर नहीं लौटीं, तो उनके पति सुरेंद्र दत्त रतूड़ी ने खोजबीन शुरू की। मौके पर चप्पल और दरांती पड़ी देख उन्हें अनहोनी की आशंका हुई।
ग्रामीणों के साथ तलाश करने पर बुजुर्ग महिला का अधखाया शव झाड़ियों के बीच से बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, राजस्व और वन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। आक्रोशित ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों का घेराव किया और जमकर नारेबाजी की। लोगों का कहना है कि इसी गांव के पास डेढ़ महीने पहले भी गुलदार ने एक नेपाली मजदूर की जान ली थी।
ग्रामीणों ने दो टूक शब्दों में कहा है कि जब तक गुलदार को आदमखोर घोषित कर उसे मारने के आदेश नहीं दिए जाते, तब तक वे शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। वन विभाग ने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और पिंजरा लगाने का आश्वासन दिया है, लेकिन ग्रामीण ठोस कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं। पहाड़ में बढ़ते वन्यजीव संघर्ष ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
