Report by : Paras Bisht
Published at :
रामनगर में बाघ के हमले में महिला की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने वनकर्मियों की टीम पर पथराव किया

रामनगर। ढेला रेंज में बाघ के हमले में महिला की मौत के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने रविवार सुबह वनकर्मियों की टीम पर पथराव कर दिया और जंगल में आग लगा दी। हालांकि, घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। पुलिस के पहुंचने पर ग्रामीण शांत हुए।
ढेला गांव में बाघ के बढ़ते हमलों से ग्रामीणों में रोष है।
ढेला रेंजर अजय ध्यानी ने बताया कि रविवार तड़के वन विभाग की टीम बाघ को पकड़ने के लिए जंगल की ओर रवाना हुई तो कुछ ग्रामीणों ने विरोध करते हुए उन पर पथराव किया। इसके बाद, जंगल के कुछ हिस्से में आग लगा दी। इससे बाघ को पकड़ने के लिए टीम लौट आई और बाघ भी पकड़ में नहीं आ सका।
सुबह सात बजे वन विभाग की टीम पुलिस के साथ दोबारा मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने मौके पर लोगों को शांत कराया। इसके बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सुबह करीब नौ बजे रेंज कार्यालय ढेला पहुंचकर विभाग और पशु चिकित्सक सहित अन्य कर्मचारियों के साथ अभद्रता की। रेंजर ध्यानी ने बताया कि ऐसे लोगों को चिह्नित कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। रेंजर ने मामले में दो नामजद और अज्ञात लोगों के खिलाफ कोतवाली पुलिस को तहरीर सौंपी है। बता दें कि शनिवार को ढेला रेंज में बाघ ने ग्रामीण कला देवी को निवाला बना लिया था।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›