हल्द्वानी
हल्द्वानी: भाजपा पार्षद अमित बिष्ट ने युवक को मारी गोली, नितिन की मौत, आरोपी गिरफ्तार
हल्द्वानी के रामपुर रोड पर भाजपा पार्षद अमित बिष्ट उर्फ चिंटू ने युवक नितिन को गोली मारी। पुरानी रंजिश में हुई हत्या से क्षेत्र में तनाव, पुलिस ने आरोपी को पकड़ा।
हल्द्वानी: उत्तराखंड के हल्द्वानी शहर से सत्ताधारी दल के एक जनप्रतिनिधि की गुंडागर्दी का रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ भाजपा पार्षद अमित बिष्ट उर्फ चिंटू ने अपने घर के बाहर एक युवक पर गोली चला दी। गोली लगने से जज फार्म निवासी युवक नितिन की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह
पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि हत्या के पीछे कुछ दिन पहले हुआ आपसी विवाद मुख्य कारण था। घटना रामपुर रोड क्षेत्र की है, जहाँ पार्षद और युवक के बीच कहासुनी हुई और गुस्साए पार्षद ने हथियार निकाल कर युवक को मौत के घाट उतार दिया। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुँचकर आरोपी पार्षद को गिरफ्तार कर लिया है।
विवादों से रहा है पुराना नाता
वार्ड पार्षद अमित बिष्ट का नाम पहले भी कई विवादों में उछल चुका है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, पार्षद की दबंगई से क्षेत्र में अक्सर तनाव रहता था। इससे पूर्व भी एक मामले में इसी पार्षद के पक्ष में कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत कोतवाली के बाहर धरने पर बैठ चुके हैं, जिसने उस समय काफी राजनीतिक सुर्खियां बटोरी थीं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसएसपी ने मामले की गहन जांच के निर्देश दिए हैं ताकि कानून हाथ में लेने वाले आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके।
