Report by : CWN Desk
Published at :
हल्द्वानी: BJP विधायक बंशीधर भगत ने महिलाओं को दी जेल भेजने की धमकी!

सड़क निर्माण पर BJP विधायक बंशीधर भगत ने महिलाओं से ‘तू-तड़ाक’ करते हुए जेल भिजवाने की धमकी दी। बेटे पर प्लॉटिंग का आरोप लगने पर विवाद बढ़ा।

कालाढूंगी। उत्तराखंड की राजनीति में एक बार फिर बीजेपी के वरिष्ठ नेता और सात बार के विधायक बंशीधर भगत अपने विवादित बयान को लेकर सुर्खियों में आ गए हैं। देश की दूसरी महिला राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हरिद्वार पहुंचने से दो दिन पहले, भगत ने सड़क निर्माण का विरोध कर रही महिलाओं को जेल भिजवाने की सीधी धमकी दे डाली। इस घटना ने उत्तराखंड की राजनीति में हड़कंप मचा दिया है।
मामला गुरुवार का है जब नैनीताल के कालाढूंगी नगर पालिका के वार्ड 6 में लगभग 40 लाख रुपये की लागत से होने वाले सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास होना था। शिलान्यास स्थल पर पहुंची महिलाओं और स्थानीय लोगों ने विधायक बंशीधर भगत से तीखे सवाल करना शुरू कर दिया। महिलाओं ने आरोप लगाया कि जो विधायक 40 साल से क्षेत्र में नहीं दिखे, वह अब अपने बेटे विकास भगत द्वारा यहां प्लॉटिंग शुरू किए जाने के बाद विकास करने पहुंचे हैं।
महिलाओं के बेटे पर प्लॉटिंग के आरोप से विधायक बंशीधर भगत भड़क गए। वे महिलाओं से सीधे ‘तू-तड़ाक’ पर उतर आए और धमकी देते हुए कहा, “मैं तुम्हारे ऊपर मुकदमा दर्ज करवाकर जेल भेज दूंगा क्योंकि तुम लोग झूठ बोल रहे हो।” जवाब में महिलाओं ने भी मजबूती दिखाई और कहा कि उनके पास सबूत है कि इस जमीन पर उन्होंने खेती की है। उन्होंने तुरंत राजस्व विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग की।
हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप किया और मामला शांत करवाया। हंगामे के बावजूद विधायक ने शिलान्यास किया और विवादित हिस्से को छोड़कर सड़क निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। गौरतलब है कि वार्ड नंबर 6 के करीब 125 परिवार पिछले 40 सालों से पक्की सड़क की सौगात मिलने का इंतजार कर रहे थे। विधायक द्वारा महिलाओं को जेल भेजने की धमकी ऐसे समय में आई है जब 2 नवंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, जो स्वयं एक महिला हैं, हरिद्वार के दौरे पर आ रही हैं।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›