Report by : CWN Desk
Published at :
हल्द्वानी में ड्रग्स रैकेट का पर्दाफाश: 48 लाख की स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

लालकुआं के मुख्य बाजार में नवविवाहिता से छेड़छाड़ करने पर तीन युवकों को गुस्साई भीड़ ने जमकर पीटा। पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया। जानें पूरा मामला और पुलिस की सख्त कार्रवाई।

लालकुआं। गुरुवार देर रात लालकुआं मुख्य बाजार में उस समय हड़कंप मच गया जब एक नवविवाहिता से स्कॉर्पियो सवार तीन युवकों ने सरेआम छेड़छाड़ कर दी। युवती ने डरने के बजाय तुरंत मोर्चा संभाला। उसने न सिर्फ आरोपियों की गाड़ी पर पत्थरों की बरसात कर दी, बल्कि अपने परिजनों को बुलाकर तीनों युवकों की सरेबाज़ार पिटाई भी करा दी। इस घटना से बाजार में अफरातफरी मच गई और गुस्साई भीड़ ने भी हंगामा कर दिया।
यह घटना वार्ड नंबर 2 लालकुआं की है। रात करीब 11 बजे नवविवाहिता अपनी सहेली के साथ मुख्य बाजार में टहल रही थी। तभी एक स्कॉर्पियो में सवार तीन युवक वहाँ आए और फब्तियां कसने लगे। युवती ने तुरंत घर फोन कर परिजनों को इसकी जानकारी दी। कुछ ही देर में परिजन मौके पर पहुंचे और तीनों शोहदों को पकड़ लिया, जिसके बाद उनकी जमकर पिटाई हुई। गुस्साई भीड़ ने भी युवकों पर अपना गुस्सा उतारा। इसी बीच, साहसी नवविवाहिता ने स्कॉर्पियो पर पथराव कर दिया, जिससे वाहन के शीशे टूट गए।
हंगामे की सूचना मिलते ही हल्दूचौड़ चौकी प्रभारी शंकर नयाल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तीनों आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस ने छेड़छाड़ में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो को भी जब्त कर लिया है। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा ने इस मामले पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा, “अराजकता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। महिलाओं से छेड़छाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।”
चौकी प्रभारी शंकर नयाल ने बताया कि पकड़े गए तीनों आरोपी नशे की हालत में पाए गए। उनका मेडिकल कराने के बाद उनके खिलाफ छेड़छाड़ व शांति भंग की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। नवविवाहिता के इस साहसी कदम की स्थानीय लोगों ने खूब तारीफ की है और कहा कि उसने समाज के सामने डरने के बजाय डटकर मुकाबला करने की मिसाल पेश की है। पुलिस महिला सुरक्षा को लेकर बाजार में गश्त बढ़ाने की बात कह रही है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›