Report by : CWN Desk
Published at :
हल्द्वानी: बिना सत्यापन मकान किराए पर देने वालों पर पुलिस की कार्रवाई तेज

हल्द्वानी। बिना सत्यापन मकान किराये पर देने वालों के खिलाफ पुलिस ने कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। शनिवार को एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा के निर्देश पर 150 पुलिसकर्मियों की टीम ने काठगोदाम क्षेत्र में व्यापक सत्यापन अभियान चलाया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने घर-घर जाकर किरायेदारों की जांच की और बिना सत्यापन मकान किराए पर देने वाले 20 मकान मालिकों को चिह्नित कर दो लाख रुपये का चालान काटा।

546 संदिग्ध किरायेदारों की पहचान

पुलिस ने सत्यापन के दौरान 546 ऐसे किरायेदारों को पाया, जिनका कोई सत्यापन नहीं हुआ था। इनकी पहचान सुनिश्चित करने के लिए उनकी आईडी लेकर पुलिस ने ‘पहचान एप’ और मैन्युअल रूप से सत्यापन किया। इस अभियान में एसपी सिटी प्रकाश चंद्र, सीओ हल्द्वानी नितिन लोहनी, सीओ भवाली सुमित पांडेय, सीओ नैनीताल प्रमोद साह और सीओ लालकुआं दीपशिखा अग्रवाल के नेतृत्व में चार पुलिस टीमें शामिल रहीं। साथ ही, चार प्लाटून आईआरबी को भी लगाया गया।

कई क्षेत्रों में चला सघन अभियान

यह अभियान काठगोदाम, दमुआढुंगा, खेड़ा क्षेत्र, कॉलटेक्स, कैनाल रोड, तुलसी नगर, पॉलीशीट, हाईडल तिराहा, ठोकर लाइन, रेलवे तिराहा, नई बस्ती और शीश महल में चलाया गया। पुलिस ने किरायेदारों के अलावा मजदूरों, बाहरी व्यक्तियों, फड़-फेरी वालों और ठेले लगाने वालों की भी सघन जांच की।

एसएसपी मीणा ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों का नियमित सत्यापन करें, ताकि अपराधों पर लगाम लगाई जा सके।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›