हल्द्वानी
हल्द्वानी सड़क हादसा: कुत्ते को बचाने के चक्कर में फिसली बाइक, एडवेंचर बाइकर की मौत
हल्द्वानी के टीपीनगर क्षेत्र में कुत्ते को बचाने के प्रयास में बाइक रपटने से घायल 27 वर्षीय एडवेंचर बाइकर हरीश चौहान की इलाज के दौरान दर्दनाक मौत हो गई।
हल्द्वानी। उत्तराखंड के हल्द्वानी स्थित कोतवाली के टीपीनगर चौकी क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। सड़क पर अचानक आए कुत्ते को बचाने के प्रयास में एक 27 वर्षीय एडवेंचर बाइकर की बाइक अनियंत्रित होकर रपट गई। इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल युवक की निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान करायल चतुर सिंह निवासी हरीश सिंह चौहान के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, सेना से रिटायर्ड सूबेदार गोविंद सिंह चौहान के पुत्र हरीश सिंह चौहान एक कुशल एडवेंचर बाइकर थे। वे बाइक से लद्दाख और नॉर्थ ईस्ट जैसी चुनौतीपूर्ण जगहों पर ऑफरोड यात्राएं कर चुके थे। बीते गुरुवार की शाम को हरीश अपने दोस्त के साथ बाइक की सर्विसिंग कराकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान महर्षि स्कूल के पास अचानक सड़क पर एक कुत्ता आ गया, जिसे बचाने के चक्कर में बाइक तेज गति में फिसल गई।
हादसे के दौरान बाइक के पीछे बैठा दोस्त तो छिटककर किनारे गिर गया, लेकिन हरीश के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। हादसे के वक्त हेलमेट पहनने के बावजूद चोटें काफी गहरी थीं। उन्हें तुरंत पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चार दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं, बाइक पर सवार उनके दूसरे साथी को चोट नहीं आई है।
टीपीनगर चौकी प्रभारी एमएस रौतेला ने बताया कि सड़क दुर्घटना की सूचना के बाद आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। एक होनहार और साहसी एडवेंचर बाइकर की इस अचानक हुई मौत से उनके परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं पूरे इलाके और राइडिंग कम्युनिटी में गहरा शोक व्याप्त है।
