Report by : CWN Desk
Published at :
हरिद्वार एल्मास ने नैनीताल टाइगर्स को हराकर जीती उत्तराखंड प्रीमियर लीग, मुख्यमंत्री ने ट्रॉफी प्रदान की

देहरादून। उत्तराखंड प्रीमियर लीग (यूपीएल) का रोमांचक खिताबी मुकाबला रविवार को राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, रायपुर में खेला गया। इस मुकाबले में हरिद्वार एल्मास ने नैनीताल टाइगर्स को चार विकेट से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। मुख्य अतिथि और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विजेता टीम को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
मैच में टॉस हारकर हरिद्वार ने क्षेत्ररक्षण का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी नैनीताल टाइगर्स को शुरुआत में ही ध्रुव प्रताप सिंह और आरव महाजन के रूप में झटका लगा। ध्रुव ने 12 रन बनाए, जबकि आरव दो रन पर आउट हुए। इसके बाद राहुल राज और भूपेन लालवानी ने पारी को संभाला। राहुल राज ने 29 और भूपेन लालवानी ने 35 रन बनाकर टीम को मजबूती दी। अंत में शास्वत डंगवाल की नाबाद 52 रन की पारी की मदद से नैनीताल ने निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट खोकर 148 रन बनाए। हरिद्वार की ओर से प्रशांत भाटी ने दो विकेट लिए, जबकि सुमित जुयाल और हरजीत सिंह ने एक-एक विकेट चटकाए।
149 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हरिद्वार एल्मास को शुरुआती ओवर में ही पहला झटका लगा। हिमांशु सोनी बिना खाता खोले आउट हुए। कप्तान कुनाल चंदेल 33 रन बनाकर आउट हुए और प्रियांषु खंडूड़ी छह रन बनाकर पवेलियन लौटे। नीरज राठौर और सौरभ चौहान ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन क्रमशः 17 और 25 रन बनाकर आउट हुए। अंत में उजैर मलिक और सिद्धार्थ गुप्ता ने शांत और जिम्मेदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को जीत दिलाई।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड प्रीमियर लीग राज्य के खिलाड़ियों के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने महिला खिलाड़ियों को विशेष मंच प्रदान करने की पहल की सराहना की। मुख्यमंत्री ने विजेता टीम के सभी खिलाड़ियों को बधाई दी और कहा कि क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड पुरुष और महिला दोनों खिलाड़ियों को बढ़ावा दे रहा है। इस लीग में महिलाओं की चार टीमों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया और उन्होंने भविष्य में नए कीर्तिमान स्थापित करने की संभावना दिखाई।
इस मौके पर उन्होंने उत्तराखंड की महिला क्रिकेट टीम की उपलब्धियों की भी सराहना की। क्रिकेट एसोसिएशन की महिला टीम ने बीसीसीआई की अंडर-19 प्रतियोगिता में दो बार जीत हासिल की है। इसके अलावा, राघवी बिष्ट, प्रेमा रावत और नंदनी कश्यप जैसी खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रही हैं और वर्तमान में न्यूजीलैंड में होने वाली सीरीज में भारतीय टीम का हिस्सा हैं।
समारोह में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, विधायक उमेश शर्मा समेत कई अन्य अधिकारी और क्रिकेट प्रेमी उपस्थित थे। इस टूर्नामेंट ने न केवल पुरुष खिलाड़ियों के लिए बल्कि महिला खिलाड़ियों के लिए भी क्रिकेट के क्षेत्र में नई संभावनाओं को उजागर किया है। यूपीएल ने राज्य में क्रिकेट के विकास और खिलाड़ियों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›