Report by : कालू वर्मा
Published at :
हरिद्वार पुलिस ने 30 लाख रुपए की स्मैक के साथ नशे के सौदागर पति-पत्नी को किया गिरफ्तार

लग्जरी कार में बरेली से स्मैक की खेप लेकर आए थे आरोपी
हरिद्वार। जिले की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और ज्वालापुर कोतवाली की पुलिस ने 30 लाख रुपए की स्मैक के साथ नशे के सौदागर बिजनौर निवासी पति-पत्नी और सरगना समेत दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। स्मैक बेचकर जुटाई गई 14 हजार की नकदी भी मिली है। दोनों तस्कर लग्जरी कार में बरेली से स्मैक की खेप लेकर आए थे।
ज्वालापुर कोतवाली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर तस्करी का भंडाफोड़ करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि सीएम पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन 2025 चलाया जा रहा है। नशा तस्करी की गुप्त सूचना मिलने के बाद धरपकड़ के लिए जाल बिछाया गया।
सीओ ज्वालापुर शांतनु पाराशर के नेतृत्व में एएनटीएफ प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र बिष्ट, उपनिरीक्षक रणजीत तोमर व ज्वालापुर कोतवाली के एसएसआई राजेश बिष्ट की टीम ने कार से स्मैक की तस्करी ला रहे रईस उर्फ गोलू निवासी लादपुर खुर्द लक्सर और शहजाद उर्फ गुडडी निवासी जबरदस्तपुर रुड़की को पकड़ लिया। उनके कब्जे से 308 ग्राम स्मैक, 14 हजार की नकदी, डिजिटल तराजू बरामद हुआ।
पूछताछ में सामने आया कि स्मैक की डील हाल ही में जमानत पर छूटकर आए अभिषेक, उसकी पत्नी निवासीगण सुभाषनगर को दी जानी थी। पुलिस टीम ने आरोपित दंपति को भी दबोच लिया। एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि आरोपित महिला पूर्व में दर्ज हुए मुकदमे में फरार चली आ रही थी। बताया कि स्कूली छात्र छात्राओं को ये स्मैक बेची जानी थी। आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
एसएसपी ने बताया कि बिजनौर से हरिद्वार आकर स्मैक तस्करी में लिप्त गैंग की कमर तोड़ने के लिए गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जाएगी। पड़ताल में सामने आया है कि दंपति ने जरायम पेशे में उतरने के बाद ही वर्ष 2020 में सुभाषनगर में एक घर खरीदा था, जिसका मालिक अभिषेक खुद है। आरोपित शहजाद 10वीं फेल है और रईस अंगूठा छाप है। अभिषेक 10वीं तक पढ़ा लिखा है। जबकि उसकी पत्नी दसवीं फेल है। आरोपित दंपति के खिलाफ गैंगेस्टर एक्ट में कार्रवाई करते हुए उनकी संपत्ति भी जब्त की जाएगी।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›