Connect with us

हल्द्वानी

राजनीति से संन्यास की खबरों पर बोले हरीश रावत – ‘अभी मैं पूरी तरह से फिट हूं’

Published

on

खबर शेयर करें 👉

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने राजनीति से संन्यास लेने की खबरों का खंडन किया। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर अफवाह फैलाने वालों पर करारा हमला बोला।

हल्द्वानी। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने अपने राजनीति से संन्यास लेने की चल रही सभी चर्चाओं और खबरों को सिरे से खारिज कर दिया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर एक पोस्ट साझा करते हुए रावत ने तंज कसा कि उन्हें अब उस कान की तलाश है, जिसके कान में उन्होंने संन्यास लेने की घोषणा की थी। उन्होंने इन खबरों को सुनियोजित दुष्प्रचार करार दिया।
हाल के दिनों में पार्टी गतिविधियों में कम उपस्थिति और स्वास्थ्य कारणों को लेकर हरीश रावत के संन्यास और पार्टी में साइडलाइन किए जाने की अटकलें लगाई जा रही थीं। इन चर्चाओं पर विराम लगाते हुए रावत ने स्पष्ट किया कि जब शारीरिक स्थिति थोड़ी कमजोर होती है, तो व्यक्ति अपने मस्तिष्क का उपयोग अधिक करता है। वह इस समय कांग्रेस और उत्तराखंड के विकास के लिए अपने अनुभवों का इस्तेमाल कर रहे हैं।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने बताया कि पार्टी में उनके 60वें वर्ष की शुरुआत होने वाली है। उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में उन्हें राजनीति से संन्यास लेने जैसा कोई बड़ा कदम उठाना होगा, तो वह किसी के कान में कानाफूसी करने के बजाय अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से सलाह लेकर सार्वजनिक रूप से और समारोहपूर्वक इसका ऐलान करेंगे। उनका जीवन हमेशा से एक खुली किताब की तरह रहा है।
हरीश रावत ने अपने दिल्ली प्रवास और स्वास्थ्य का जिक्र करते हुए कहा कि वह अपनी चिकित्सा प्रक्रिया पूरी कर रहे हैं ताकि भविष्य में कोई समस्या न आए। उन्होंने अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं, मीडिया और आम जनता से अपील की कि वे ऐसे झूठे दुष्प्रचार और अफवाहें फैलाने वाले लोगों से सतर्क रहें।

Select Language

Advertisement