Report by : Paras Bisht
Published at :
नैनीताल क्षेत्र में वाहन ओवरटेक करने को लेकर हरियाणा के पर्यटक ने स्थानीय रिजॉर्ट संचालक को गोली मारी

रिजॉर्ट संचालक एम्स ऋषिकेश रेफर, पर्यटक के खिलाफ मुकदमा दर्ज
नैनीताल। नैनीताल-कालाढूंगी मार्ग स्थित घटगड़ क्षेत्र में वाहन ओवरटेक करने को लेकर हरियाणा के पर्यटक और स्थानीय रिजॉर्ट संचालक के बीच विवाद के बाद मारपीट हो गई। इस दौरान पर्यटक ने रिजॉर्ट संचालक पर फायर झोंक दिया। गोली रिजॉर्ट संचालक के पैर में लगी है। हल्द्वानी में प्राथमिक उपचार के बाद रिजॉर्ट संचालक को एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने रिजॉर्ट संचालक के भाई की तहरीर के आधार पर तीन अज्ञात पर्यटकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
घटना शुक्रवार रात करीब एक बजे की है। पुलिस के मुताबिक, घटगढ़ निवासी विस्लिंग वुड्स रिजॉर्ट के संचालक अरविंद कुमार शुक्रवार रात साथी धर्मप्रकाश को लेने कालाढूंगी गए थे। रात करीब 12 बजे दोनों वापस लौट रहे थे। बताया गया कि इस बीच एक कार बार-बार बीच सड़क पर ब्रेक लगाकर रुक रही थी। वह रिजॉर्ट के समीप पहुंचे तो वाहन से उतरे कुछ लोगों ने उनके भाई के मुंह पर डंडा मार दिया। उनका भाई खुद को बचाते हुए वाहन रिजॉर्ट तक ले आया। इस बीच कुछ युवक गाली-गलौज करते हुए रिजॉर्ट में ही पहुंचे और रिजॉर्ट संचालक के साथी से मारपीट करने लगे। इस दौरान एक पर्यटक ने गोली चला दी। गोली उनके भाई के पैर में लगी। दूसरी गोली लगने से पहले वह गिर गए। इसके बाद पर्यटक पीछे आने पर गोली मारने की धमकी देकर भाग गए। मारपीट से धर्मप्रकाश भी चोटिल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अरविंद कुमार को 108 एंबुलेंस की मदद से सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। अन्य घायल युवकों को दूसरे अस्पतालों में इलाज दिया गया। एसपी क्राइम जगदीश चंद्रा ने बताया कि पीड़ित के भाई आदित्य कुमार की तहरीर पर तीन अज्ञात लोगों के विरुद्ध आईपीसी की धारा 307 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दूसरे पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। पुलिस के अनुसार, गोली लाइसेंसी रिवॉल्वर से चलाई गई है। जो पूर्व फौजी के नाम पर दर्ज है। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। मारपीट में पर्यटक भी चोटिल हुए हैं। बताया गया है कि आरोपी पर्यटक दो वाहनों में सवार थे।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›