Report by : CWN Desk
Published at :
टिहरी में हाईटेंशन लाइन से टकराया हेलीकॉप्टर महिला पायलट ने बचाई जानें

टिहरी गढ़वाल में ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर 11000 वोल्ट के तार से टकराया। जांबाज महिला पायलट ने सूझबूझ से सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराकर बचाई सबकी जान।

टिहरी गढ़वाल। उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। चम्बा-आराकोट क्षेत्र में बुधवार सुबह उस समय भारी अफरा-तफरी मच गई, जब ट्रांस भारत एविएशन कंपनी का एक हेलीकॉप्टर 11000 वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया। बिजली का तार हेलीकॉप्टर के पिछले रोटर में फंस गया, जिसके बाद वह हवा में बुरी तरह हिचकोले खाने लगा। इस खौफनाक मंजर को देखकर हेलीकॉप्टर में सवार यात्रियों की सांसें थम गईं, लेकिन जांबाज महिला पायलट की सूझबूझ और अदम्य साहस से एक बहुत बड़ा हादसा होने से टल गया।
यह हेलीकॉप्टर बद्रीनाथ धाम से तीर्थयात्रियों को लेकर गुप्तकाशी की तरफ जा रहा था। इसी दौरान गुप्तकाशी में अचानक वीआईपी मूवमेंट होने की वजह से एयर ट्रैफिक कंट्रोल द्वारा पायलट को सीधे देहरादून जाने का निर्देश दिया गया। जब निर्धारित रूट बदलकर हेलीकॉप्टर चम्बा-आराकोट क्षेत्र के ऊपर से गुजर रहा था, तभी यह अचानक बिजली के भारी-भरकम तारों की चपेट में आ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तार फंसते ही हेलीकॉप्टर हवा में बुरी तरह डगमगाने लगा और उसका नियंत्रण खोने लगा था।
इस भयावह और बेहद तनावपूर्ण स्थिति में भी महिला पायलट ने अपना धैर्य बिल्कुल नहीं खोया। उन्होंने फंसे हुए बिजली के तार के साथ ही किसी तरह हेलीकॉप्टर को संभाला और उसे सत्यो-सकलाना क्षेत्र के खुले खेतों तक पहुंचाया। पायलट की सूझबूझ से हेलीकॉप्टर की खेतों में सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। हालांकि, इस टक्कर के कारण हेलीकॉप्टर का पिछला हिस्सा काफी क्षतिग्रस्त हुआ है, लेकिन राहत की बात यह है कि हेलीकॉप्टर में सवार सभी छह यात्री और पायलट पूरी तरह सुरक्षित हैं।
इस रोंगटे खड़े कर देने वाले हादसे के बाद यात्रियों ने महिला पायलट की बहादुरी और त्वरित निर्णय की जमकर सराहना की है। यात्रियों का कहना है कि अगर पायलट जरा भी घबरा जातीं, तो आज उनकी जान बचना नामुमकिन था। घटना की सूचना मिलते ही टिहरी पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने दुर्घटनास्थल के चारों तरफ सुरक्षा घेरा बना दिया है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›