Report by : CWN Desk
Published at :
रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र में बारात में दुल्हन के रिश्तेदार ने दूल्हे के मामा की गोली मारकर की हत्या

बारात बिना दुल्हन वापस लौटी, दूल्हे पिता की तहरीर पर दो के खिलाफ हत्या का मुकदमा

बारात द्वार पूजन के बीच दुल्हन के रिश्तेदार को किसी बात पर इतना गुस्सा आया कि उसने दूल्हे के मामा की गोली मारकर हत्या कर दी। इससे बारात में अफरा-तफरी मच गई। बारात बिना शादी के ही वापस लौट गई।
मामला यूपी के देवरिया रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र का है। दूल्हा पक्ष गोरखपुर जिले खजनी थाना क्षेत्र का रहने वाला है। गोली चलाने का आरोप गोरखपुर के ही झंगहा थाना क्षेत्र के दुबौली गांव के प्रधान और उनके भतीजे पर लगा है। पुलिस ने दूल्हे पिता की तहरीर पर दोनों के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
देवरिया के रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के बौरडीह गांव के रहने वाले स्व. नवनाथ निषाद की बेटी अनुराधा की शादी गोरखपुर के खजनी थाना क्षेत्र के न्यू संग्रामपुर उनवल के रहने वाले संदीप पुत्र लालजी निषाद के साथ तय थी। 16 मई की रात धूमधाम से बारात पहुंची। इसमें शामिल होने के लिए लड़की पक्ष के रिश्तेदार भी आए हुए थे। रात करीब 11 बजे के करीब द्वार पूजा का कार्यक्रम चल रहा था। इसी बीच किसी बात को लेकर लड़की पक्ष के रिश्तेदार ओमप्रकाश निषाद और दूल्हे मामा बजरंगी निषाद के बीच विवाद हो गया। दोनों पक्ष एक दूसरे को देख लेने की धमकी देने लगे। उसी दौरान ओम प्रकाश निषाद के भतीजे राम रतन निषाद ने लाइसेंसी बंदूक से बजरंगी निषाद पर फायर झोंक दिया। गोली लगने बजरंगी निषाद (उम्र 45 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां से डॉक्टरों ने उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिवारीजन, घायल बजरंगी को लेकर गोरखपुर जा रहे थे कि रास्ते में उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिवारजन शव लेकर लौट आए। बजरंगी निषाद, गोरखपुर के चिलुआताल थाना क्षेत्र के राम मटेसरा के रहने वाले थे।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची रुद्रपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद शादी के घर में कोहराम मच गया। बिना शादी किए हुए बारात बैरंग वापस लौट गई। घटना के बारे में रुद्रपुर सर्किल ऑफिसर जिलाजीत ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›