Report by : CWN Desk
Published at :
कपकोट के बदियाकोट स्थित मां भगवती मंदिर में लगी भीषण आग, जलकर राख हुआ मंदिर; करीब 4 करोड़ का नुकसान

बागेश्वर जिले के कपकोट स्थित ऐतिहासिक बदियाकोट मां भगवती मंदिर में शुक्रवार सुबह आग लग गई। इस भीषण अग्निकांड में मंदिर पूरी तरह जलकर राख हो गया, जिससे करोड़ों की सांस्कृतिक संपत्ति का नुकसान हुआ है।

बागेश्वर। जिले के कपकोट उपखंड स्थित बदियाकोट गांव में स्थित आदि शक्ति मां भगवती मंदिर में शुक्रवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में पूरा मंदिर परिसर जलकर राख में तब्दील हो गया। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक सुरेश गड़िया और जिलाधिकारी अपूर्वा पांडेय ने प्रशासनिक टीम के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने प्रशासन से आग लगने के कारणों की तत्काल निष्पक्ष जांच की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब छह बजे मंदिर से धुआं और लपटें उठती देख डोला गांव के ग्रामीणों ने मंदिर कमेटी को तुरंत सूचित किया। जब तक स्थानीय निवासी और कमेटी के सदस्य राहत कार्य के लिए मौके पर पहुंचे, तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी और पूरा मंदिर ढांचा स्वाहा हो गया।

ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर के नष्ट होने से व्यथित हैं क्षेत्रवासी

बदियाकोट का मां भगवती मंदिर न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र था, बल्कि पूरे कपकोट और बागेश्वर क्षेत्र की सदियों पुरानी परंपराओं, लोक-आस्था और सांस्कृतिक पहचान का एक अमूल्य प्रतीक था। आग की भेंट चढ़ी ऐतिहासिक धरोहरों और प्राचीन अवशेषों के नुकसान से पूरा क्षेत्र स्तब्ध और व्यथित है।

मंदिर कमेटी का दावा: करीब 4 करोड़ का हुआ नुकसान

बदियाकोट मंदिर कमेटी के अध्यक्ष भरत सिंह दानू ने जानकारी देते हुए बताया कि इस दर्दनाक हादसे में मंदिर की संरचना, धार्मिक छत्र, बर्तन, प्राचीन धरोहरों और व्यवस्थाओं समेत लगभग चार करोड़ रुपये का भारी आर्थिक व सांस्कृतिक नुकसान हुआ है। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है, पुलिस व प्रशासन मामले की जांच में जुट गया है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›