Report by : CWN Desk
Published at :
रुड़की में ऑनर किलिंग का शक: भाई ने बहन और पड़ोसी युवक की गोली मारकर की हत्या

रुड़की के झबरेड़ी कलां में दोहरे हत्याकांड से सनसनी। भाई ने बहन और पड़ोस के युवक को गोली मारी, दोनों की मौत। ऑनर किलिंग के एंगल से जांच जारी।

हरिद्वार। जिले से सटे रुड़की के झबरेड़ा थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शनिवार सुबह झबरेड़ी कलां गांव में एक युवक ने अपनी ही बहन और पड़ोस में रहने वाले युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। एक साथ दो हत्याओं की खबर से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और गांव में तनाव का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी अमन उर्फ भरोसी सिंह (20) ने अपनी 22 वर्षीय बहन रूपा और पड़ोसी सूरज उर्फ मुन्ना (24) को सीने में गोली मार दी। गोलीबारी की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे परिजन दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए झबरेड़ा स्थित अस्पताल ले गए। हालांकि, चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही झबरेड़ा थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस की प्राथमिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद और ऑनर किलिंग (Honor Killing) का प्रतीत हो रहा है। इसके साथ ही आरोपी के किसी गिरोह से जुड़े होने और उस पर पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
झबरेड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि पुलिस सभी संभावित पहलुओं से मामले की गहनता से जांच कर रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और आरोपी की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›