Report by : CWN Desk
Published at :
भीमताल क्षेत्र में गुलदार ने एक महिला को फिर मार डाला, 3 दिन में दूसरी घटना

ग्रामीणों में दहशत, जंगल जाना बंद, पिनरो क्षेत्र में मंगलवार तक स्कूल बंद किए
नैनीताल। भीमताल में गुलदार ने महिला को मारा डाला। शनिवार शाम मवेशियों के लिए घर के पास घास काट रही महिला पर गुलदार ने हमला किया। घटनास्थल से कुछ दूर गधेरे में महिला का शव मिला। उधर, भीमताल में 15 किमी दूर दुदली में शनिवार सुबह एक अन्य महिला पर गुलदार ने हमला किया था जिसमें वह बाल-बाल बच गई थी। इधर, बीईओ ने इलाके में मंगलवार तक स्कूल बंद करने के आदेश जारी किए हैं। गुलदार की दहशत से ग्रामीणों ने दिन में भी घर से बाहर निकलना बंद कर दिया है। पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। लोग घरों की छत और पेड़ों पर चढ़कर निगरानी कर रहे हैं। क्षेत्र में हर वक्त गुलदार की गतिविधि का खतरा बना हुआ है। गुलदार तीन दिन में दो लोगों की जान ले चुका है। वहीं एक महिला को जख्मी कर चुका है।
ग्रामसभा पिनरो के प्रधान उमेश पलड़िया ने बताया कि तोक डोबा में पुष्पा देवी (36) पत्नी भुवन चंद्र शनिवार शाम 4 बजे मवेशियों के लिए घास काट रही थी। गुलदार ने उन पर पीछे से हमला किया। पुष्पा की चीख सुन परिजन मौके पर पहुंचे, तब तक गुलदार उसको जबड़े में दबाकर जंगल ले गया था।
क्षेत्र में गुलदार के आतंक के चलते पिनरो के तीन विद्यालयों को मंगलवार तक बंद कर दिया गया है। मलुवाताल, पिनरो, दुदली गावों में गुलदार का आतंक बना हुआ है। शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए पिनरो के दो प्राथमिक विद्यालय और एक इंटरमीडिएट को मंगलवार तक के लिए बंद रखने के निर्देश दिए हैं। बीईओ मान सिंह ने बताया शनिवार को हुए गुलदार के हमले के बाद क्षेत्र के तीन विद्यालयों को बंद करने का निर्णय लिया गया है। गुलदार का आतंक बना रहा तो विद्यालयों को आगे भी बंद किया जाएगा।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›